KNH ओपीडी स्थानांतरण का निर्णय वापस लेने की मांग, हिमाचल माकपा ने उठाए सवाल
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 01:57 PM (IST)
Shimla News : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) की स्त्री एवं प्रसूति ओपीडी को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) के ओपीडी परिसर में स्थानांतरित करने के फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की है।
पार्टी ने इस फैसले के खिलाफ जनता में भारी विरोध और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता जताई है। मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में पार्टी के राज्य सचिव संजय चौहान ने कहा कि इस निर्णय से आम लोगों में व्यापक असंतोष पैदा हुआ है और पार्टी इसका समर्थन नहीं करती। उन्होंने जनहित में ओपीडी सेवाओं को कमला नेहरू अस्पताल में ही जारी रखने की मांग की।
चौहान ने कहा कि इस तरह का स्थानांतरण विश्व स्वास्थ्य संगठन ( डब्ल्यूएचओ) और केंद्र सरकार द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) संस्थानों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि आईजीएमसी का ओपीडी परिसर पहले से ही जगह की कमी और भीड़भाड़ से जूझ रहा है। ऐसे में एक और बड़े विभाग को वहां स्थानांतरित करने से मरीजों को और अधिक असुविधा होगी।

