सावधान! लोगों की बढ़ने जा रही परेशानी, हिमाचल में 5 दिन ठप्प रहेंगी 108 व 102 एंबुलैंस सेवाएं
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 06:28 PM (IST)
देहरा (सेठी): हिमाचल प्रदेश में 108 और 102 एंबुलैंस सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान कर दिया है। यह हड़ताल 12 फरवरी से 17 फरवरी सुबह 8 बजे तक जारी रहेगी। हड़ताल के चलते प्रदेशभर में 293 एंबुलैंस सेवाएं ठप्प रहेंगी। 108, 102 कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष बालक राम और कांगड़ा जिला अध्यक्ष प्रशांत ने बताया कि एंबुलैंस कर्मियों की प्रमुख मांग न्यूनतम वेतन लागू करने व एरियर का भुगतान करने की है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में उच्च न्यायालय ने एंबुलैंस कर्मियों को न्यूनतम 15 हजार रुपए मासिक वेतन देने के आदेश जारी किए थे, लेकिन इन आदेशों का आज तक पूर्ण पालन नहीं हुआ। कर्मियों ने सरकार और संबंधित एजैंसियों को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

