Sirmaur: शटरिंग से लदा पिकअप वाहन पलटा...युवक की गई जान, परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 11:16 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): पुलिस थाना पुरुवाला में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक युवक की पहचान दिव्यांशु पुत्र रणबीर सिंह निवासी गांव अम्बोया (चिलोई), डाकघर राजपुरा, तहसील पांवटा साहिब के रूप में की गई है। वहीं इस घटना के बाद मृतक युवक के परिवार में मातम पसर गया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के पिता रणबीर सिंह ने बताया कि उन्हें उनके बेटे तुषार ने फोन पर सूचना दी कि दिव्यांशु जिस पिकअप वाहन में रूदाणा जा रहा था, वह दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई और दिव्यांशु वाहन के नीचे दब गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दिव्यांशु वाहन के नीचे से निकाला। हादसे में दिव्यांशु को पीठ और कमर में गंभीर चोटें आईं थीं। परिजन उसे पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले गए, जहां से बाद में हर्बटपुर मसीही अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार दिव्यांशु पिकअप वाहन में अम्बोया से शटरिंग का सामान लोड कर रूदाणा जा रहा था। यह वाहन सुमेर चंद का बताया गया है, जिसे अजय कुमार पुत्र सोम प्रकाश निवासी रूदाणा चला रहा था। जैसे ही वाहन भरली के समीप पहुंचा तो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शिकायतकर्त्ता ने दुर्घटना के लिए चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
उधर, मामले को लेकर चालक अजय कुमार के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए), 106 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

