मछलियों का शिकार करने गए व्यक्ति की नदी में डूबने से मौत

punjabkesari.in Sunday, Jan 03, 2021 - 05:38 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): ब्रौ में एक नेपाली की डूबने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने शव को बरामद कर रिश्तेदारों को सौंप दिया है। घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। 2 अन्य नेपाली भी वहीं पर मौजूद थे। उन्होंने अपने नाम सूरज बहादुर पुत्र तेज बहादुर तथा अभिराज रोका पुत्र खटके रोका बताया। उन्होंने मृत व्यक्ति को अपने गांव का बताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतक का नाम बाला राम उर्फ बॉबी पुत्र केसर पुन है जोकि गांव जगाल गांव शानाबैरी जिला रुकम आंचल करनाली प्रदेश नेपाल का रहने वाला है। यह मौजूदा समय में बतौर किराएदार दीपक शर्मा निवासी भडैल (जगातखाना) के यहां रह रहा था।

मृतक की उम्र 26 साल है। इन नेपालियों ने पुलिस को बताया कि बाला राम करीब 7-8 माह पहले नेपाल से भारत आया था तथा तब से भडैल में रहता था और शराब पीने का आदी था। मछलियों का शिकार करने के लिए यह नदी के किनारे जाता रहता था। कई बार सुबह 3-4 बजे ही मछलियों का शिकार करने निकलता था और क्वार्टर में 10-15 दिनों के बाद आता था। अभी भी यह 10-15 दिनों से क्वार्टर में नहीं था।

इन नेपालियों ने कहा कि बाला राम शराब पीकर भी किसी से कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं करता था। इसलिए ऐसा नहीं हो सकता कि इसे किसी ने मारा हो। मछलियां पकड़ते समय पांव फिसलने से वह नदी में गिर गया होगा और डूबने से इसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया है। मृतक के परिजनों को नेपाल में भी इस घटना की सूचना दे दी है। एसपी गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News