भयानक हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरा ट्रैक्टर, एक मजदूर की मौत, 2 गंभीर घायल
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 12:47 PM (IST)
देहरा (सेठी): हिमाचल प्रदेश के जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में एक भयानक सड़क हादसा पेश आया। यहां सरड बम्मी स्थित पंगलु मार्ग पर एक ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बीती शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच घटी। एक ट्रैक्टर पर कुल 5 लोग सवार थे और वे पंगलु मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक चालक ने ट्रैक्टर पर से नियंत्रण खो दिया और देखते ही देखते ट्रैक्टर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त ट्रैक्टर पर सवार 5 लोगों में से 2 ने ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, बाकी तीन लोग ट्रैक्टर के साथ ही खाई में गिर गए।
इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि प्रदीप रोजगार की तलाश में महज 5 दिन पहले ही किन्नौर से यहां आया था। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। उक्त सभी नेपाल मूल के बताए जा रहे हैं। ये सभी प्रवासी मजदूर यहां एक स्थानीय ठेकेदार के पास दिहाड़ी-मजदूरी का काम करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक की लापरवाही से। घायलों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

