Kangra: सड़क हादसे ने छीनी पूर्व सैनिक की जान, टक्कर मारने वाला चालक वाहन सहित माैके से फरार

punjabkesari.in Friday, Dec 26, 2025 - 08:16 PM (IST)

धीरा (गगन): धीरा-नौरा सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां तड़ा के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने नौरा पंचायत के करनेहड़ निवासी 63 वर्षीय पूर्व सैनिक परमवीर सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल पूर्व सैनिक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार घटना वीरवार रात करीब 7 बजे की है जब परमवीर सिंह पैदल अपने घर वापस आ रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल हो गया। घायल परमवीर की कराहने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना घायल के परिजनों को दी और उन्हें इलाज के लिए टांडा अस्पताल ले गए।

टांडा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए देर रात परमवीर सिंह की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। शुक्रवार को ही उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। परमवीर सिंह  अपने पीछे पत्नी, 2 बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं।

पुलिस थाना भवारना के एसएचओ गुरदेव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है और फरार चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News