Shimla: रामपुर के कोटी गांव में भालू का आतंक, 80 भेड़ों को उतारा मौत के घाट, वन विभाग अलर्ट
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 04:34 PM (IST)
रामपुर (नोगल): शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली धार गौरा पंचायत के कोटी गांव में एक भालू ने भारी आतंक मचाया है। भालू ने बाढ़े में घुस कर लगभग 80 भेड़ों को मौत के घाट उतार दिया, जबकि करीब 20 अन्य भेड़ों को बुरी तरह घायल कर दिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ये भेड़ें राम दास पुत्र स्वर्गीय उदी राम की बताई गई हैं। भालू के हमले की यह घटना 29 मई को रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
वन विभाग ने शुरू किया नुक्सान का आकलन, मिलेगा मुआवजा
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आ गई। क्षेत्रीय वन कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। रामपुर के वन मंडल अधिकारी गुरहर्ष सिंह ने बताया कि मौके पर हुए नुक्सान का सटीक आकलन किया जा रहा है। उन्होंने प्रभावित भेड़पालक को आश्वस्त किया है कि निर्धारित सरकारी नियमों और पात्रता के आधार पर उसे उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
निगरानी के लिए लगाए जा रहे कैमरा ट्रैप और पिंजरे
भालू से इंसानों को होने वाले संभावित खतरे को देखते हुए वन विभाग ने मानव सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। इलाके में गश्त तेज कर दी गई है। भालू की पहचान करने और उसकी हरकतों पर पैनी नजर रखने के लिए मौके पर कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही, एहतियात के तौर पर भालू को पकड़ने के लिए पिंजरे भी स्थापित किया जा रहे हैं।
विभाग ने जारी की एडवाइजरी
लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग घर-घर जाकर अभियान चला रहा है और स्थानीय सोशल मीडिया समूहों के जरिए भी अलर्ट भेजा जा रहा है। वन विभाग ने स्थानीय निवासियों के लिए सुरक्षा के मद्देनजर सलाह जारी की है।
- सुबह जल्दी या देर शाम बगीचों, खेतों और जंगल से सटे इलाकों में अकेले जाने से बचें।
- पैदल चलते समय थोड़ी आवाज करते रहें, ताकि भालू अचानक आपको देखकर न चौंके।
- भालू को आकर्षित करने वाली चीजें जैसे बचा हुआ भोजन, गिरे हुए फल, पशुओं का चारा और मधुमक्खी के छत्ते सुरक्षित स्थानों पर रखें।
- रात के समय अपने पालतू जानवरों को मजबूत बाड़े के अंदर ही बंद रखें।
- भालू दिखने पर उसके पास न जाएं, फोटो खींचने की कोशिश न करें और न ही उसे घेरें। भालू और उसके बच्चों के बीच कभी न आएं।
- यदि भालू अचानक सामने आ जाए, तो घबराकर भागें नहीं, बल्कि धीरे-धीरे पीछे हटें और उसे जाने का रास्ता दें।
अधिकारी की अपील-शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें
वन मंडल अधिकारी गुरहर्ष सिंह ने जनता से अपील की है कि वे संयम और शांति बनाए रखें तथा बिना पुष्टि की गई सूचनाएं न फैलाएं। विभाग ने अनुरोध किया है कि यदि किसी को भी इलाके में भालू दिखाई देता है या कोई अन्य घटना होती है, तो उसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी वन रक्षक, खंड अधिकारी या निकटतम वन कार्यालय को दें।

