Shimla: सतलुज नदी से युवक का शव बरामद, 3 दिन पहले जगातखाना पुल से लगाई थी छलांग
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 05:05 PM (IST)
रामपुर बुशहर (नोगल): हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के उपमंडल रामपुर बुशहर को निरमंड की सात पंचायतों से जोड़ने वाले जगातखाना पुल से सतलुज नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार बरामद कर लिया गया है। मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने करीब 2 घंटे के सर्च ऑप्रेशन के बाद शव को नदी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार तीन दिन पहले दोपहर के समय रोहित (20) पुत्र गोपाल दास, निवासी अप्पर ल्हासा (थांटी) ने जगातखाना पुल से सतलुज नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से ही युवक की तलाश की जा रही थी। मंगलवार को एनडीआरएफ के जवानों ने नदी में गहन तलाशी अभियान चलाया और दोपहर करीब 12 बजे शव को ढूंढने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

