DC ने पार्किंग पॉलिसी पर MC को लगाई फटकार, जानिए क्या दिए आदेश

Thursday, Jul 25, 2019 - 01:41 PM (IST)

शिमला (वंदना): राजधानी के वार्डों में सड़क किनारे यैलो लाइन लगाने को लेकर फाइल जिला प्रशासन व नगर निगम के बीच फंस गई है। जिला प्रशासन ने नगर निगम द्वारा वार्डों में यैलो लाइन लगाने को तैयार की गई पार्किंग पॉलिसी में ढेरों खामियां निकाली हैं, जिस पर डी.सी. शिमला ने नगर निगम को पार्किंग पॉलिसी का ड्राफ्ट वापस भेज दिया है। नगर निगम की ओर से शहर में 11500 वाहनों को पार्क करने के लिए यैलो लाइन पॉलिसी तैयार की है। डी.सी. शिमला अमित कश्यप ने पार्किंग पॉलिसी में खामियों को लेकर नगर निगम प्रशासन को फटकार लगाई है, साथ ही जल्द ही पॉलिसी की खामियों को दूर करने के आदेश दिए हैं। जिला प्रशासन का तर्क है कि नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर के वार्डों में यैलो लाइन लगाने को लेकर जो पार्किंग पॉलिसी भेजी गई है, उसमें लोक निर्माण विभाग और एन.एच.ए.आई. की सड़कें भी शामिल हैं, जहां पर यैलो लाइन लगाने का प्रस्ताव पॉलिसी में है। 

प्रशासन का कहना है कि नगर निगम ने संबंधित विभागों से एन.ओ.सी. लिए बगैर ही इन विभागों की सड़कों पर यैलो लाइन लगाने का प्रस्ताव तैयार कर दिया है। इसके अलावा भी पॉलिसी में ढेरों खामियां हैं, जिसमें सुधार किया जाना है। जिला प्रशासन की ओर से नगर निगम आयुक्त को फाइल वापस भेजी गई है, जिसमें आवश्यक सुधार करने के आदेश दिए गए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि नगर निगम जब पार्किंग पॉलिसी में सुधार कर फाइल वापस देगा, उसके बाद ही वार्डों में यैलो लाइन लगाने को लेकर अधिसूचना जारी की जा सकेगी। प्रशासन का कहना है कि नगर निगम मामले से पल्ला झाड़कर जिला प्रशासन पर दोष मढ़ रहा है, जोकि बिल्कुल भी सही नहीं है। नगर निगम प्रशासन ने होमवर्क किए बगैर ही पार्किंग पॉलिसी को तैयार कर जिला प्रशासन को दिया है, जिससे अब तक यैलो लाइन लगाने की प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ पाई है।

खामियों को सुधारें: डी.सी.

डी.सी. शिमला अमित कश्यप ने कहा कि नगर निगम ने यैलो लाइन पार्किंग को लेकर जो पॉलिसी जिला प्रशासन को भेजी है, उसमें ढेरों खामियां हैं। एम.सी. ने लोक निर्माण विभाग और एन.एच.ए.आई. की सड़कों पर भी यैलो लाइन लगाने की योजना बनाई है, जबकि नगर निगम की ओर से संबंधित विभागों से एन.ओ.सी. तक नहीं ली गई है। फाइल वापस निगम आयुक्त को भेजी गई है, जिसमें सुधार करने के आदेश दिए गए हैं। नगर निगम जैसे ही पार्किंग पॉलिसी के ड्राफ्ट में सुधार कर देगा, इसके बाद ही अधिसूचना जारी हो सकेगी।

खामियां करेंगे दुरुस्त: मेयर

नगर निगम की मेयर कुसुम सदरेट ने कहा कि शहर में यैलो लाइन पार्किंग के लिए पॉलिसी तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी गई है। यदि जिलाधीश को पार्किंग पॉलिसी में कोई खामियां नजर आ रही हैं तो नगर निगम उन खामियों को दूर करने का प्रयास करेगा।






 

Ekta