सिरमौर की बेटी रितु नेगी को मिला अर्जुन अवार्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

punjabkesari.in Tuesday, Jan 09, 2024 - 07:06 PM (IST)

शिलाई (सिरमौर) (आशु): हिमाचली बेटी एवं कबड्डी स्टार खिलाड़ी रितु नेगी को खेल जगत में देश के दूसरे सबसे बड़े खेल पुरस्कार अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया। मंगलवार को वर्ष 2023 में खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल पुरस्कार दिए गए। राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिरमौर की रितु नेगी को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया। दरअसल रितु को यह सम्मान वर्ष 2023 में चीन में हुई 19वीं एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक और वर्ष 2019 में काठमांडू में दक्षिणी एशियाई गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल करने पर दिया गया। कबड्डी के क्षेत्र में रितु की उपलब्धियों को मान्यता प्रदान करते हुए वर्ष 2023 के लिए इस अवार्ड से नवाजा गया। 

मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने पुरस्कार के लिए दी बधाई
बेटी की इस कामयाबी पर जिला सिरमौर भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी इस होनहार बेटी को अर्जुन अवार्ड प्राप्त करने पर बधाई दी। रितु के पिता भवान सिंह ने बेटी को अर्जुन अवार्ड मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि खेल जगत का दूसरा सबसे बड़ा पुरस्कार मिलना परिवार के लिए भी गौरवान्वित करने वाला पल है। जिला सहित प्रदेश का मान भी बेटी ने बढ़ाया है। बता दें कि सिरमौर जिला के दुर्गम क्षेत्र शिलाई के शरोग गांव से ताल्लुक रखने वाली रितु नेगी का हरियाणा के स्टार कबड्डी खिलाड़ी रोहित गुलिया के साथ विवाह हुआ है। रितु की इस कामयाबी से हिमाचल के साथ-साथ हरियाणा का भी गौरव बढ़ा है क्योंकि वह हरियाणा की पुत्रवधू भी है।

अर्जुन अवार्ड हासिल करने वालीं रितु सिरमौर की तीसरी खिलाड़ी
बता दें कि करीब 21 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर रितु नेगी की बदौलत देश का दूसरा सबसे बड़ा खेल पुरस्कार सिरमौर जिला के हिस्से में आया। यह अवार्ड हासिल करने वाली वह जिला सिरमौर से तीसरी खिलाड़ी है। इससे पहले सिरमौर जिले से भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सीता गोसाई व अंतर्राष्ट्रीय शूटर समरेश जंग चौधरी अर्जुन अवार्ड हासिल कर चुकी हैं। सीता गोसाई को 2002 में अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया था, जबकि समरेश जंग को भी 2002 में ही अर्जुन अवार्ड मिला था।

ये हैं इस होनहार बेटी की उपलब्धियां
वर्तमान में रितु नेगी भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान है। भारतीय रेलवे में कार्यरत रितु की कबड्डी के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हैं। वर्ष 2023 में रितु नेगी को भारतीय कबड्डी टीम की कप्तानी मिली और उनके नेतृत्व में एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने देश के लिए स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले वह 2019 में नेपाल में हुई साऊथ एशियन गेम्स में भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीत चुकी है। इसके अलावा वर्ष 2018 में एशियन गेम्स में भारत के लिए इंडोनेशिया में रजत पदक जीता। वर्ष 2011 में मलेशिया में थर्ड जूनियर एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप में भारत ने रितु नेगी के नेतृत्व में ही गोल्ड मैडल जीता था। वर्ष 2007 में रितु नेगी ने हिमाचल की टीम से उत्तराखंड के हरिद्वार में हुई नैशनल चैम्पियनशिप में पहली बार हिस्सा लिया था।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News