Mandi: दरवाजे पर बच्ची के साथ खाना मांगने आया अजनबी, चंद मिनटों में बुजुर्ग महिला के कानों से गायब हो गईं सोने की बालियां
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 02:29 PM (IST)
मंडी: मंडी जिले के उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत ग्राम पंचायत देव ब्राड़ता चौक में एक 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े चोरी और टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। यहां एक छोटी बच्ची के साथ भोजन मांगने के बहाने घर में दाखिल हुए साधु भेषधारी व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां निकाल लीं और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर सरकाघाट पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार यह घटना 21 नवम्बर को दोपहर करीब 12 बजे पेश आई। साधु के भेष में एक व्यक्ति छोटी बच्ची को साथ लेकर बुजुर्ग महिला के घर पहुंचा और बच्ची के लिए भोजन की मांग की। उस वक्त घर में बुजुर्ग महिला के साथ उनकी देखभाल करने वाली पड़ोसन भी मौजूद थी। जैसे ही पड़ोसन बच्ची के लिए खाना तैयार करने घर के अंदर रसोई में गई, आरोपी ने इसी बीच बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां निकाल लीं। शातिर ने इतनी सफाई से इस वारदात को अंजाम दिया कि 90 वर्षीय वृद्धा को इसकी भनक तक नहीं लगी।
कुछ देर बाद जब महिला के कानों में सोने की बालियां नहीं दिखीं, तो वारदात का पता चला और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वह बच्ची के साथ वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक कैमरे में कथित साधु छोटी बच्ची के साथ जाते हुए दिखाई दिया है।
परिजनों द्वारा सरकाघाट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच कर रही है और मामले के हर पहलू को खंगाला जा रहा है। वहीं, इस घटना ने घर में रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा और अनजान व्यक्तियों के प्रवेश को लेकर सतर्कता बरतने की आवश्यकता को फिर से उजागर किया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

