गैस सिलैंडर में आग लगने से दंपति झुलसा, बड़ा हादसा टला

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2020 - 06:45 PM (IST)

सरकाघाट (महाजन): सरकाघाट उपमंडल की खलारड़ू पंचायत के सूरजपुर बाड़ी गांव में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे गैस सिलैंडर में आग लगने से दंपति झुलस गया। जानकारी के अनुसार राकेश कुमार पुत्र जैसी राम और उसकी पत्नी तारा देवी अपने घर की रसोई में खाना बना रहे थे और उन्होंने चूल्हा भी जलाया हुआ था। खाना बनाते समय सिलैंडर की गैस समाप्त हो गई और वे नया सिलैंडर लगाने के लिए लाए। ज्यों ही उन्होंने दूसरे सिलैंडर को लगाया तो अचानक सिलैंडर ने आग पकड़ ली। उस समय दोनों पति-पत्नी ने आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन रसोई गैस की आग से पति बाजू से और पत्नी बाईं टांग से झुलस गई।

जब वे आग पर काबू नहीं पा सके तो उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए। उन्होंने सबसे पहले बच्चों को घर से बाहर निकाला और उसके बाद फायर ब्रिगेड से सेवानिवृत्त एक फायर ब्रिगेड अधिकारी अपने घर से आग बुझाने का छोटा सिलैंडर लाया और आग पर काबू पाने में सफल हुए। गनीमत यह रही कि सिलैंडर फटा नहीं और समय रहते आग को बुझा दिया गया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

वहीं ग्रामीणों ने दोनों पति-पत्नी को एक निजी वाहन में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीएल वर्मा ने बताया कि राकेश कुमार की बाजू में आग से झुलस जाने के कारण जख्म हो गए हैं और तारा देवी की बाईं टांग भी झुलस गई है, लेकिन दोनों खतरे से बाहर हैं। प्रशासन को पता चलते ही तहसीलदार दीनानाथ यादव भी अस्पताल पहुंच गए और घायलों का हालचाल पूछने के बाद दोनों पति-पत्नी को 5-5 हजार रुपए की राहत राशि प्रदान की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News