कांग्रेस ने की जॉइन सोशल मीडिया अभियान की शुरुआत भाजपा के दुष्प्रचार का देंगे जवाब
punjabkesari.in Tuesday, Feb 09, 2021 - 03:10 PM (IST)

शिमला (योगराज) : 2022 विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठन को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया है और सोशल मीडिया को भी मजबूती से भाजपा सरकार के खिलाफ इस्तेमाल करने की योजना बना ली है। कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग ने जॉइन कांग्रेस सोशल मीडिया अभियान की शुरुआत की है। जिसमें देश में पांच लाख लोगों को जोड़ने और हिमाचल में 5 हजार लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान 1 महीने तक चलाया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत सोशल मीडिया में भाजपा के दुष्प्रचार के खिलाफ जवाब देने के लिए की गई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस अभियान के द्वारा 5 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य है। मीडिया आज पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है। भाजपा ने सोशल मीडिया को दुष्प्रचार का माध्यम बना लिया है। जिसका जवाब कांग्रेस भी इसी माध्यम से देगी। हिमाचल के सभी विधानसभा क्षेत्रों से पांच हजार लोगों को चुना जाएगा जो इसे आगे बढ़ाएंगे। अभियान के शुभारंभ में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला वर्चुअल दिल्ली से जुड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा के दुष्प्रचार को रोकने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान से सभी लोग जुड़ेंगे जिनकी आवाज को भाजपा दबाने की कोशिश कर रही है। वहीं कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी अभिषेक राणा ने कहा कि आज देश में अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। जो सरकार के खिलाफ बोलता है या सोशल मीडिया पर आवाज उठाता है उसके खिलाफ मुकदमे बनाये जाते हैं। सरकार की प्रशंसा करने वाले को ही देशभक्त का टैग लगाया जा रहा है। इस दुष्प्रचार के खिलाफ कांग्रेस ने जॉइन सोशल मीडिया कांग्रेस की पिछले कल शुरुआत की है। आज कई राज्यों में इसकी शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इससे जुड़कर देश मे फैलाये जा रहे झूठ का पर्दाफाश करना चाहिए।