Himachal: प्रतिभा सिंह बोलीं-हिमाचल कांग्रेस नहीं पैरालाइज्ड, पार्टी की मजबूती को हर कार्यकर्त्ता कर रहा मेहनत
punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2025 - 06:16 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन की प्रक्रिया को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके तहत पूरा ग्राऊंड वर्क किया जा चुका है और जल्द ही मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत के बाद प्रदेश से लेकर जिला व ब्लॉक कार्यकारिणियों के पदाधिकारी घोषित कर दिए जाएंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने वीरवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में मीडिया ये यह बात कही। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पैरालाइज्ड नहीं है। पार्टी की मजबूती के लिए हर कार्यकर्त्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। कार्यकर्त्ताओं की मेहनत के बूते ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है।
मैं नहीं चाहती कि संगठन में किसी तरह की गुटबाजी हो
गौरतलब है कि कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने प्रदेश में संगठन को पैरालाइज्ड बताया था। वहीं प्रतिभा सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह नहीं चाहती कि संगठन में किसी तरह की गुटबाजी हो। कार्यकारिणी में सभी को अधिमान मिले, इसलिए सभी से विचार-विमर्श किया जा रहा है, ताकि बाद में किसी का कोई गिला शिकवा न रहे। उप मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों से लेकर विधायकों की राय भी जानी गई है कि वह किन नेताओं के नाम कार्यकारिणी में चाहते हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री से बैठक के लिए समय मांगा गया है। मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान जो नाम सामने आएंगे, उन्हें भी संगठन में स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त प्रभारी से उनकी बात हुई है, उनके साथ जल्द मुलाकात करूंगी और संगठन के बारे में पूरा ब्यौरा उनके समक्ष रखा जाएगा।
अध्यक्ष अपने स्तर पर कोई नियुक्ति नहीं कर सकता
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कार्यकारिणी गठित करने की एक प्रक्रिया है, उसी के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। अध्यक्ष अपने स्तर पर कोई नियुक्ति नहीं कर सकता। इसके लिए प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय अध्यक्ष की मंजूरी होना भी जरूरी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने दिल्ली जाकर मामला उठाया था कि जब तक कार्यकारिणी नहीं बन जाती, तब तक प्रदेश संगठन महासचिव के पद पर नियुक्ति कर दी जाए ताकि संगठन के रूटीन कार्य को सुचारू रूप से चलाया जा सकें। हालांकि अभी ये मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही नव नियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल से मिलेंगी। एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि निवर्तमान प्रभारी राजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। आलाकमान ने अब एक बार फिर से रजनी पाटिल को यह दायित्व सौंपा है और वह सभी नेताओं से भली भांति परिचित भी हैं। ऐसे में उनके मार्गदर्शन में पार्टी पूरी एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगी।
संगठन की मजबूती ही चुनावी जीत का आधार
प्रतिभा सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि संगठन में कर्मठ नेताओं, युवाओं, महिलाओं व पार्टी कार्यकर्त्ताओं को अहम जिम्मेदारियां दी जाएंगी। इस वर्ष के अंत तक प्रदेश में नगर निकाय व पंचायतों के चुनाव होने हैं और इसके लिए पार्टी को कमर कसनी है। पंचायत चुनाव के बाद 2027 में होने वाले प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भी पार्टी को तैयार करना है। उन्होंने कहा कि यदि संगठन मजबूत होगा तो ही चुनाव जीते जाते हैं।
सक्रिय पदाधिकारियों की करती आई हूं पैरवी
प्रतिभा सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह शुरूआत से ही सक्रिय पदाधिकारियों को सरकार में स्थान देने की पैरवी करती आईं हैं। मुख्यमंत्री के साथ ही पार्टी हाईकमान समक्ष भी ये मामला उठाया है, ऐसे में आशा है कि आने वाले दिनों में और नियुक्तियां होंगी। यदि किसी की नियुक्ति सरकार में नहीं होती तो संगठन में अहम पद मिलेगा।
शीला दीक्षित ने किए रिकॉर्डतोड़ विकास कार्य
प्रतिभा सिंह ने दिल्ली की नई मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि जनता से जो चुनावी वायदे उनकी पार्टी ने किए हैं, उन्हें जरूर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी शीला दीक्षित को दिल्ली का सीएम बनाया था। उन्होंने अपने 15 वर्षों के कार्यकाल में दिल्ली में रिकॉर्डतोड़ विकास कार्य किए। लोग आज भी शीला दीक्षित को याद करते हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here