भाजपा ने जयराम ठाकुर के चेहरे पर चुनाव लड़ा तो कांग्रेस की जीत होगी आसान : प्रतिभा सिंह

punjabkesari.in Sunday, Jul 17, 2022 - 08:58 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): भाजपा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चेहरे पर चुनाव लड़ा तो इससे कांग्रेस की जीत और आसान होगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कुमारहट्टी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना लगभग तय है क्योंकि भाजपा के पास गिनाने के लिए कुछ नहीं है। जयराम सरकार की कमजोर पकड़ रही है, इसी का ही परिणाम है कि सरकार पिछले 5 वर्षों में प्रदेश का विकास करवाने में पूरी तरह से नाकाम रही है।

5 वर्ष काम करते तो नहीं लेना पड़ता केंद्रीय नेताओं का सहारा
प्रतिभा सिंह ने कहा कि चुनाव को देखते हुए प्रदेश सरकार पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में शुरू की गई विकास योजनाओं का उद्घाटन कर जनता को भ्रमित करने में लगी हुई है। भाजपा को अब इसका लाभ मिलने वाला नहीं है। अब उन्हें भी इस बात का एहसास हो गया है। यही कारण है कि अब प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय नेताओं को प्रदेश के दौरे करने पड़ रहे हैं। यदि सरकार ने 5 वर्ष के कार्यकाल में काम किए होते तो केंद्रीय नेताओं का सहारा नहीं लेना पड़ता। प्रतिभा सिंह ने बताया कि कांग्रेस में टिकट के आबंटन का आधार सर्वे भी होगा। पार्टी के सर्वे में जीत की क्षमता वाले प्रत्याशियों को टिकट दिया जाएगा। हालांकि प्रत्याशियों का चयन पार्टी हाईकमान करेगी। यदि प्रत्याशियों का चयन जल्दी हो जाए तो इसका लाभ पार्टी को मिलेगा क्योंकि उन्हें प्रचार के लिए काफी समय मिलेगा। 

एकजुटता के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस प्रतिपक्ष नेता मुकेश अग्निहोत्री व चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और अन्य सभी नेता पार्टी को मजबूत बनाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस सच्चाई के रास्ते पर चली हुई है। उनके नेता अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस सीमाओं में रह कर अपनी बात जनता के सामने रखती है। वह जनता के बीच सभ्य तरीके से जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई से युवा कांग्रेस की यात्रा शुरू हो रही है। यह पैदल यात्रा होगी, जिसमें पार्टी के लोग जनता को सरकार की नाकामियां व कांग्रेस की उपलब्धियां बताएंगे। इस अवसर पर प्रतिपक्ष नेता मुकेश अग्निहोत्री व इंटक प्रदेश अध्यक्ष हरदीप बावा उपस्थित थे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News