शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर छींटाकशी से पहले अपना रिकॉर्ड देखे BJP, कांग्रेस प्रवक्ता कौशल मूंगटा ने साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 05:35 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व जिला परिषद सदस्य कौशल मूंगटा ने भाजपा नेताओं पर तीखा जुबानी हमला बोला है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज और सांसद सुरेश कश्यप को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर छींटाकशी करने से पहले भाजपा नेताओं को अपने कार्यकाल और अपनी पार्टी के पुराने रिकॉर्ड का आत्ममंथन करना चाहिए। मूंगटा ने स्पष्ट किया कि जुब्बल-कोटखाई-नावर क्षेत्र की जनता जागरूक है और अब इस क्षेत्र को राजनीतिक स्वार्थों के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

बागवानों की अनदेखी और यूनिवर्सल कार्टन का मुद्दा उठाया 
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान बागवानों के हितों के साथ खिलवाड़ किया गया। गुम्मा की कार्टन फैक्ट्री को कौड़ियों के दाम बेच दिया गया और फफूंदनाशक व कीटनाशक दवाइयों पर मिलने वाली सब्सिडी बंद कर दी गई। मूंगटा ने याद दिलाया कि स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा ने खुद प्रैस कॉन्फ्रैंस कर कहा था कि तत्कालीन बागवानी मंत्री एक बार भी क्षेत्र में नहीं आए और जुब्बल-कोटखाई को पूरी तरह लावारिस छोड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ यूनिवर्सल कार्टन पर राजनीति करती रही, जबकि इसे लागू करने का कार्य राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों से कांग्रेस सरकार ने किया है।

भाजपा के कार्यकाल में जुब्बल-कोटखाई में बनीं केवल 5 सड़कें 
क्षेत्र में विकास कार्यों की तुलना करते हुए मूंगटा ने कहा कि भाजपा के पूरे 5 वर्षों के कार्यकाल में जुब्बल-कोटखाई में केवल 5 सड़कें बनीं या पास हुईं, जो शर्मनाक है। इसके विपरीत रोहित ठाकुर के महज साढ़े तीन साल के कार्यकाल में 203 सड़कें बनकर पास हो चुकी हैं। ठियोग-हाटकोटी सड़क का जिक्र करते हुए उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि 'राजनीतिक चंदा' न मिलने के कारण इस सड़क का काम रुकवाया गया था, जिसके चलते सीएंडसी  कंपनी को क्षेत्र से जाना पड़ा। उन्होंने सांसद सुरेश कश्यप पर तंज कसते हुए कहा कि वह पीएमजीएसवाई की सड़कों का श्रेय ले रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि वह अपने क्षेत्र पच्छाद के लिए इस योजना से एक भी सड़क नहीं ला पाए।

रोहित ठाकुर के नेतृत्व में शिक्षा में नंबर-1 बना हिमाचल
पूर्व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज पर निशाना साधते हुए कौशल मूंगटा ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा से ज्यादा शिमला में करोड़ों रुपए के गमलों की चर्चा होती थी, जिनमें से आज कई गमले गायब हैं। उन्होंने कहा कि सुरेश भारद्वाज अपनी उपलब्धियां गिनाने से पहले उन खर्चों का हिसाब दें। वहीं, वर्तमान सरकार की तारीफ करते हुए मूंगटा ने बताया कि रोहित ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में पूरे देश में 21वें स्थान से छलांग लगाकर पहले स्थान पर आ गया है।

चेतन बरागटा को 6 साल पार्टी से बाहर क्यों रखा?
कौशल मूंगटा ने जयराम ठाकुर और सुरेश कश्यप से सवाल किया कि उन्हें जुब्बल-कोटखाई में बयानबाजी करने से पहले जनता को बताना चाहिए कि चेतन बरागटा को 6 साल तक पार्टी से बाहर क्यों रखा गया था। पंचायत और जिला परिषद चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि जुब्बल-कोटखाई में भाजपा को करारा झटका लगा है और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने बीडीसी और प्रधान पदों पर शानदार जीत दर्ज की है। मूंगटा ने कहा कि रोहित ठाकुर के प्रयासों से आज कोटखाई में केंद्रीय स्कूल व सब-जज कोर्ट, जुब्बल में टीचर ट्रेनिंग संस्थान, हाटकोटी में बीपीएड कॉलेज और टिक्कर में बीएड कॉलेज खुले हैं, जो क्षेत्र के वास्तविक विकास को दर्शाते हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News