दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की बैठक, हमीरपुर संसदीय सीट पर फंसा पेंच

Friday, Apr 05, 2019 - 11:13 PM (IST)

शिमला: कांग्रेस हमीरपुर संसदीय सीट के प्रत्याशी की घोषणा शुक्रवार को भी नहीं कर पाई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दिल्ली से बाहर होने के चलते टिकट पर फैसला नहीं हो पाया। सूचना के अनुसार इस सीट पर भाजपा के पूर्व सांसद सुरेश चंदेल को लेकर ही पेंच फंसा हुआ है। सूत्रों की मानें तो शनिवार को सुरेश चंदेल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को संयम बरतने को कहा

यह भी चर्चा है कि सुरेश चंदेल की एंट्री को लेकर जो विरोध चल रहा था, उसको देखते हुए पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस हाईकमान डैमेज कंट्रोल में लगा हुआ था। इसी कड़ी में पूर्व सांसद सुरेश चंदेल का विरोध करने की शुरूआत करने वाले पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को भी हाईकमान ने संयम बरतने के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के फैसले के साथ चलने को कहा है, ऐसे में सूत्रों के अनुसार कांग्रेस सुरेश चंदेल पर भी हमीरपुर सीट पर दांव लगा सकती है।

चुनावी प्रचार और प्रबंधन से जुड़े मसले पर चर्चा

शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के साथ बैठक की। इसके बाद सभी नेताओं ने पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के साथ बैठक की। इस दौरान हमीरपुर संसदीय सीट के टिकट के साथ ही चुनावी प्रचार और प्रबंधन से जुड़े मसले पर भी नेताओं ने विस्तार से चर्चा की।

Vijay