कांग्रेस के 12 वर्षाें के सूखे को देहरा की बेटी ने किया खत्म, धवाला के बूथ से होशियार को कम मिले वोट

punjabkesari.in Saturday, Jul 13, 2024 - 05:05 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): देहरा विधानसभा उपचुनाव ने कांग्रेस के 12 वर्षाें के सूखे को देहरा की ध्याण (बेटी) ने खत्म कर दिया है। उपचुनाव में इस बार कांग्रेस प्रत्याशी एवं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने अपनी जीत दर्ज करवाई है। कांग्रेस के मास्टर स्ट्रोक ने जहां वर्ष 2022 में कांग्रेस के बढ़त वाले बूथों को मजबूत बनाए रखते हुए भाजपा और पूर्व के आजाद विधायक होशियार सिंह के गढ़ में सेंधमारी की, वहीं देहरा में गुटों में बंटी कांग्रेस की एकजुटता को भी साबित कर दिया है। वहीं दूसरी ओर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और आजाद प्रत्याशी होशियार सिंह को छोड़ भाजपा का साथ देने वाले बूथों पर भी कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त मिलने से देहरा भाजपा के भीतर चली नाराजगी को भी जाहिर कर दिया है। भाजपा में बड़े नेताओं की नजरअंदाजी और कार्यकर्त्ताओं की अनदेखी ने इसका रिजल्ट पार्टी के सामने ला दिया है। बता दें कि वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद वर्ष 2012 में देहरा विधानसभा के पहले चुनाव हुए थे। वर्ष 2012 में भाजपा के प्रत्याशी रविंद्र सिंह रवि ने अपनी जीत दर्ज करवाई थी। उसके बाद वर्ष 2017 और 2022 में आजाद प्रत्याशी के रूप में होशियार सिंह लगातार 2 बार जीत कर विधानसभा पहुंचे थे। विधानसभा के 2022 के चुनाव के बाद डेढ़ वर्ष के कार्यकाल के दौरान ही आजाद प्रत्याशी ने अपना इस्तीफा दिया और भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन इस बार वह पार्टी टिकट होने के बावजूद जीत का स्वाद चख नहीं सके हैं।

भाजपा-होशियार के 41 बूथों पर कांग्रेस की सेंधमारी
वर्ष 2022 के विधानसभा आम चुनावों के दौरान देहरा में आजाद प्रत्याशी होशियार सिंह को 52 बूथों पर लीड हासिल हुई थी, जबकि भाजपा के रमेश धवाला को 21 बूथों और कांग्रेस के डाॅ. राजेश शर्मा ने 27 बूथों पर लीड ली थी। उपचुनाव में कांग्रेस ने अपने 27 बूथों को तो मजबूत रखा ही, साथ में होशियार सिंह और भाजपा को लीड दिलाने वाले 41 बूथों पर भी सेंधमारी करते हुए बढ़त बनाई और जीत सुनिश्चित की।

धवाला के बूथ से कमलेश ठाकुर को 433 मत मिले
देहरा में पूर्व मंत्री रमेश धवाला के गृह क्षेत्र में आने वाले 3 बूथ जो कि भाजपा के गढ़ माने जाते थे, यानी रैंटा, धवाला व सनोट में कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह से 2 व 3 गुणा अधिक वोट लिए हैं। रमेश धवाला के रैंटा बूथ में होशियार सिंह को 67, जबकि कमलेश ठाकुर को 433 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा धवाला बूथ में 177 होशियार तो कमलेश को 656 तथा सनोट में भाजपा को 114 व कांग्रेस को 450 मत प्राप्त हुए। देहरा भाजपा मंडलाध्यक्ष के बूथ पर भी भाजपा पिछड़ी है। यहां होशियार ने 231 व कांग्रेस ने 278 वोट हासिल किए। डा. राजेश शर्मा के भाटी बूथ में कांग्रेस को 420 व भाजपा को 167 मत प्राप्त हुए। भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह को अपने बूथ पंसाल में 309 व कांग्रेस प्रत्याशी को 178 मत मिले।

क्या कहती हैं विप्लव ठाकुर
कांग्रेस की पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2012 में देहरा के पहले चुनाव के बाद कांग्रेस की यह पहली जीत है। लोगों ने ऐसे विधायक को नकार दिया है, जिसने लालच में आकर अपना इस्तीफा दिया। कांग्रेस पार्टी की नीतियों पर लोगों ने विश्वास जताया है। लोग सच्चाई को चाहते हैं, जिसका परिणाम आज कांग्रेस प्रत्याशी को जिताकर लोगों ने दिखाया है। देहरा में जितने भी विकास के कार्य हुए हैं वे वर्ष 2012 से पहले कांग्रेस द्वारा करवाए हुए हैं। उसके बाद कोई विकास कार्य देहरा में नहीं हुआ।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News