दिल्ली में आंदोलनरत किसानों के समर्थन में राजभवन के बाहर गरजी कांग्रेस

punjabkesari.in Friday, Jan 15, 2021 - 05:24 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस ने शुक्रवार को दिल्ली में आंदोलनरत किसानों के समर्थन में राजभवन के बाहर धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया। इसके तहत किसान अधिकार दिवस मनाते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ निशाना साधा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में उक्त प्रदर्शन का आयोजन किया गया। राजभवन के बाहर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता पिछले 51 दिनों से केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमा पर सड़कों में बैठा है जबकि उनकी सुनवाई करने के बदले सरकार आंदोलन को दबाने व सुनियोजित ढंग से बदनाम करने का प्रयास कर रही है।

वार्ता के नाम पर केवल टाइम पास कर रही केंद्र सरकार

राठौर ने कहा कि किसानों के साथ वार्ता के नाम पर केंद्र सरकार केवल टाइम पास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में अब तक कई किसानों की मौत हो चुकी है लेकिन केंद्र सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने नए कृषि कानूनों का पुरजोर विरोध करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की मंशा पूंजीपतियों को लाभ देने की है। उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित कमेटी को किसानों ने नकार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने इस कानून के खिलाफ  प्रदेश से 90,000 से अधिक लोगों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजे हैं।

धरने पर बैठने का मुख्य राज्यपाल को अवगत करवाना

राठौर ने कहा कि धरने पर बैठने का मुख्य कारण प्रदेश में राष्ट्रपति के प्रतिनिधि राज्यपाल को प्रदेश में इस कानून के विरोध से अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि काले कृषि कानूनों को हर हाल में रद्द करना ही होगा। उन्होंने कहा कि जब तक ये कानून रद्द नहीं होते, कांग्रेस किसानों के इस आंदोलन में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश किसानों के साथ खड़ा है और केंद्र सरकार को ये कानून रद्द करने ही होंगे।

दोगुनी आय का सपना दिखा सड़कों पर ला खड़े किए किसान

राठौर ने कहा कि देश के किसानों की 2023 तक दोगुनी आय का सपना दिखाने वाली मोदी सरकार ने आज अपनी दमनकारी नीतियों से किसानों को सड़कों पर पर लाकर खड़ा कर किया है। प्रधानमंत्री किसानों के प्रति संवेदनहीन है। देश भाजपा की दमनकारी नीतियों के कारण आज बर्बादी के कगार पर खड़ा है।

महंगाई पर नहीं कोई भी नियंत्रण

राठौर ने कहा कि देश में डीजल व पैट्रोल के बढ़ते दामों से महंगाई आसमान छू रही है। गैस सिलैंडर पर से सब्सिडी खत्म कर दी है। सरकार का महंगाई पर कोई भी नियंत्रण नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। जीडीपी और बेरोजगारी का आंकड़ा निम्न स्तर से भी नीचे चला गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज देश आर्थिक गुलामी की तरफ बढ़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक आदर्श सूद, जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, पार्टी सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, धर्मपाल ठाकुर, युकां अध्यक्ष निगम भंडारी व युकां कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर के साथ ही अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News