कैबिनेट मीटिंग के बाद दिल्ली रवाना हुए CM सुक्खू, अब पार्टी स्टार प्रचारक के रूप में पश्चिम बंगाल में संभालेंगे चुनावी मोर्चा
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 10:50 PM (IST)
शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को कैबिनेट बैठक के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुए। इसी कड़ी में वह शनिवार सुबह दिल्ली से पश्चिम बंगाल जाएंगे। कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुक्खू को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का स्टार प्रचारक लगाया है। ऐसे में मुख्यमंत्री वहां विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों और जनसभा में हिस्सा लेकर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। तय शैड्यूल के अनुसार मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल कांग्रेस कमेटी के कार्यालय भी जाएंगे। वहां वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वह स्थानीय कार्यकर्त्ताओं में उत्साह भरने और संगठन को मजबूत करने के लिए संवाद भी करेंगे। बताया जा रहा है कि उनका यह दौरा करीब 2 दिनों का होगा, जिसमें वह कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री सुक्खू ने असम विधानसभा चुनाव में पार्टी के स्टार प्रचारक के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। वहां भी उन्होंने कई चुनावी सभाओं को संबोधित कर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया था। पार्टी नेतृत्व को उनके अनुभव और जनसंपर्क क्षमता पर भरोसा है, जिसके चलते उन्हें लगातार महत्वपूर्ण राज्यों में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। पश्चिम बंगाल में इस बार विधानसभा चुनाव 2 चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया के बाद मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है और चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
दिल्ली जाने से पहले शिमला में सुनीं जनसमस्याएं
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला में आम जनता की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

