Kangra: सीएम सुक्खू ने देहरा काे दी 100 कराेड़ की परियोजनाओं की साैगात, बाेले-प्रदेश की पर्यटन राजधानी बनेगा कांगड़ा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 03, 2025 - 05:11 PM (IST)

कांगड़ा: बनखंडी में बन रहे दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। यह उद्यान कांगड़ा जिले को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बात मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक की 6 प्रमुख विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना की कुल लागत 619 करोड़ रुपए है, जिसमें प्रथम चरण में 150 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इस उद्यान में 43 बाड़ों का निर्माण हो रहा है और इसकी चारदीवारी का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, साथ ही 8 चेकडैम का निर्माण किया जा रहा है ताकि वर्षा जल संचयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा जल संरक्षण के लिए अतिरिक्त चेकडैम बनाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वन्य प्राणी उद्यान में एशियाई शेर, हॉग डियर, मॉनिटर लिजार्ड, मगरमच्छ, घड़ियाल सहित कुल 78 प्रजातियों के जानवरों को रखा जाएगा। इसके अलावा एक वैटलैंड एवियरी का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें देशी पक्षियों की प्रजातियां संरक्षण में रखी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि परियोजना का लाभ जल्द से जल्द जनता तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सतत अधोसंरचना के विकास और पर्यावरण संरक्षण के साथ यह उद्यान पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं के किए लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपए की 6 प्रमुख विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हरिपुर तहसील के बनखंडी में दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान में 47.62 करोड़ रुपए की लागत से अस्पताल प्रशासन एवं डायगनोस्टिक ब्लॉक, केन्द्रीकृत रसोईघर तथा क्वारंटीन केंद्र और 16.25 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ पेयजल योजना की आधारशिला रखी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 12.87 करोड़ रुपए की लागत से हरिपुर से सक्री गैहरा सड़क के स्तरोन्नयन कार्य, 6.64 करोड़ रुपए की लागत से थाथर त्रिपाल से मेहवा पंचायत सड़क तथा 10.29 करोड़ रुपए की लागत से गुलेर से नंदपुर बरियाल लदरेट सड़क के शिलान्यास किए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने देहरा तहसील में 4.96 करोड़ रुपए की लागत वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News