मानसून का कहर: कांगड़ा जिले में अब तक 539.17 करोड़ रुपए का नुक्सान, 50 लोगों की गई जान

punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 06:21 PM (IST)

धर्मशाला (प्रियंका): जिला कांगड़ा में इस बार का मानसून भारी तबाही लेकर आया है। डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा के अनुसार 20 जून से 4 सितम्बर तक वर्षा जनित घटनाओं से अब तक जिले को लगभग 539.17 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। मानसून के कहर ने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई। इस दौरान 50 लोगों की मौत हुई, जबकि 171 पशुधन की जानें गईं। उन्होंने कहा कि यह हानि अत्यंत दुखद है और जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को हरसंभव राहत पहुंचाने में जुटा हुआ है। भारी बारिश से 110 कच्चे मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि 819 कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। इसके अलावा 15 पक्के मकान पूरी तरह और 70 पक्के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पाए गए। नुक्सान की सूची में 1051 गौशालाएं, 50 लेबर शैड, रसोई, बाथरूम, डंगे और 28 दुकानें भी शामिल हैं।

सरकारी विभागों को भारी क्षति
मानसून की मार सरकारी विभागों पर भी पड़ी। लोक निर्माण विभाग को लगभग 286.47 करोड़ और जल शक्ति विभाग को लगभग 218.37 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ। बिजली बोर्ड को लगभग 4.03 करोड़, कृषि क्षेत्र को लगभग 1.89 करोड़ और बागवानी क्षेत्र को 2.91 लाख रुपए की क्षति हुई। वहीं धर्मशाला नगर निगम क्षेत्र को लगभग 5.90 करोड़, ग्रामीण विकास विभाग को लगभग 9.56 करोड़ और स्वास्थ्य विभाग को लगभग 2.81 करोड़ रुपए का नुक्सान दर्ज हुआ है।

राहत एवं पुनर्वास के प्रयास : डीसी 
डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि जिला प्रशासन राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। प्रभावित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत आर्थिक मदद दी जाएगी और विभागों को जल्द विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समयबद्ध तरीके से पुनर्निर्माण शुरू किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News