हिमाचल मंत्रिमंडल गठन को लेकर दिल्ली में होगा मंथन, होलीलॉज में प्रतिभा सिंह से मिले सीएम सुक्खू

punjabkesari.in Sunday, Jan 01, 2023 - 06:44 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल में किन-किन चेहरों को स्थान मिलेगा, उस पर दिल्ली में मंथन होगा। सोमवार को दोपहर बाद मुख्यमंत्री मनाली से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और कैबिनेट के गठन पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंथन करेंगे। वहीं दिल्ली जाने से पहले मुख्यमंत्री ने रविवार को होलीलॉज जाकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के साथ विधायक सुंदर ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, मोहन लाल ब्राक्टा के साथ ही अन्य नेता भी होलीलॉज पहुंचे। इस दौरान विधायक विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान जहां सीएम ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को नववर्ष की बधाई दी, वहीं दोनों नेताओं के बीच अन्य मसलों पर चर्चा होने की सूचना है, ऐसे में दिल्ली जाने से पहले पार्टी प्रदेशाध्यक्ष के साथ हुई मुलाकात को लेकर चर्चाओं का मौहाल गर्म है। 

स्पीकर के लिए ये 4 नाम आगे
सूत्रों की मानें तो विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने के लिए 4 नाम सबसे ऊपर हैं। इनमें विधाायक कुलदीप सिंह पठानिया, कर्नल धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार और कुलदीप सिंह राठौर शामिल हैं। हालांकि सभी नेता मंत्री पद पर अड़े हैं। ऐसे में देखना होगा कि अंत में किस के नाम पर सहमति बनती है। इसी तरह विस उपाध्यक्ष, मुख्य सचेतक, सचेतक पद पर भी विधायकों की ताजपोशी होनी है, जिसके लिए सभी समीकरणों को देखा जा रहा है।

मंत्री की दौड़ में कई चेहरे
मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए कई विधायक रेस में हैं। इनमें कांगड़ा से चंद्र कुमार, सुधीर शर्मा, रघुवीर सिंह बाली, आशीष बुटेल, जिला कुल्लू से सुंदर ठाकुर, जिला सोलन से कर्नल धनीराम शांडिल व रामकुमार, जिला बिलासपुर से राजेश धर्माणी, जिला सिरमौर से हर्षर्वधन चौहान, जिला किन्नौर से जगत सिंह नेगी, जिला लौहाल-स्पीति से रवि ठाकुर, जिला चम्बा से कुलदीप सिंह पठानिया के नाम चर्चा में है।

जिला शिमला से 5 दावेदार
जिला शिमला से मंत्रिमंडल में स्थान पाने के लिए मुख्य रूप से 5 विधायक दौड़ में शामिल हैं। इनमें रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, अनिरुद्ध सिंह, कुलदीप सिंह राठौर, मोहन लाल ब्राक्टा के नाम चर्चा में हैं। कांग्रेस ने जिला शिमला की 8 में से 7 सीटों पर जीत दर्ज की है और जिले से 2 मंत्री बनाए जाने हैं, ऐसे में देखना होगा कि किस-किस को मंत्री पद मिलता है। 

इन पदों पर भी होंगी नियुक्तियां
कैबिनेट रैंक के 2 पदों योजना आयोग के अध्यक्ष और 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अध्यक्ष पद पर भी नेताओं की नियुक्तियां होनी हैं, ऐसे में जो मंंत्री पद की रेस से बाहर हो जाएंगे, उनमें से ही उक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

मंगलवार को दिल्ली से धर्मशाला लौटेंगे सीएम
प्रस्तावित शैड्यूल के अनुसार सीएम मंगलवार को दिल्ली से प्रात: साढ़े 10 बजे सीधे धर्मशाला पहुंचेंगे और दोपहर बाद जन आभार रैली में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही 4 से 6 जनवरी तक धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र होगा। माना जा रहा है कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच ही मंत्रिमंडल का गठन भी हो सकता है। वहीं राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर का 7 जनवरी से प्रदेश से बाहर जाने का कार्यक्रम बन सकता है, हालांकि अब तक इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News