एनपीएस अंशदान में संग्रह की राशि के भुगतान के लिए केंद्र सरकार को लिखा पत्र : सुक्खू

Wednesday, Dec 28, 2022 - 11:17 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश के कर्मचारियों को पुरानी पैंशन योजना (ओपीएस) प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके तहत पहली कैबिनेट बैठक में ओपीएस को बहाल कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को सचिवालय में एनपीएस कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भारत सरकार को पत्र लिखकर एनपीएस अंशदान के तहत संग्रह की गई राशि का भुगतान करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में संपन्न आम विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में राज्य के लोगों को 10 गारंटियां दी हैं। राज्य सरकार प्रदेश में सभी गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी।

पूर्व सरकार द्वारा खोले संस्थानों से पड़ेगा 5 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ
सीएम ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अनावश्यक व्यय किया और अपने कार्यकाल के अंत में 900 से अधिक संस्थान खोले। इससे वार्षिक 5 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। सुक्खू ने कहा कि पैंशनधारकों को नियमित और सम्मानजनक पैंशन मिले, इसके लिए रूपरेखा तैयार करनी होगी। इस अवसर पर कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया ने भी अपने सुझाव दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, विधायक संजय अवस्थी, अनिरुद्ध सिंह एवं अजय सोलंकी, मुख्य सचिव आरडी धीमान, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना तथा एनपीएस कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, महासचिव भरत शर्मा के साथ ही सभी जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

कर्मचारियों पर बने केस होंगे वापस 
राज्य सरकार जल्द ही ओपीएस बहाली के लिए संघर्षरत कर्मचारियों पर पूर्व सरकार में बने केसों को नियमानुसार वापस लेगी। बैठक में महासंघ के प्रतिनिधियों  ने मुख्यमंत्री के समक्ष ये मामला उठाया था। इस पर मुख्यमंत्री की तरफ से अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

सरकार की मंशा हो तो काम हो जाता है : प्रदीप 
एनपीएस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि ओपीएस लागू करने के निर्णय के लिए कर्मचारी सरकार के कृतज्ञ रहेंगे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि यह मांग पहली कैबिनेट में पूरी कर दी जाएगी। प्रदीप ठाकुर ने कहा कि जब सरकार की मंशा होती है तो काम भी हो जाता है।  

खिले चेहरे से गए, खिले चेहरे से ही बाहर आए : भरत 
महासंघ के महासचिव भरत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बैठक में दोहराया कि कांग्रेस सरकार अपना चुनावी वायदा निभाएगी और पहली कैबिनेट में ओपीएस को बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट के दिन कर्मचारी संघ के कर्मचारी ढोल-नगाड़ों के साथ कैबिनेट में आभार व्यक्त करने के लिए पहुंचेंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay