CM सुक्खू ने बागियों पर साधा निशाना, बोले-धोखा देने वालों को कभी माफ नहीं करेगी जनता

punjabkesari.in Wednesday, Mar 13, 2024 - 07:39 PM (IST)

शिलाई/नाहन (आशु): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर कांग्रेस के बागी विधायकों पर जुबानी हमला बोला है। शिलाई में जनसभा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी को धोखा देने के बाद कांग्रेस के बागी विधायकों को डर सता रहा है। पहले ये विधायक 9 दिन पंचकूला के फाइव स्टार होटल में रुकते हैं फिर यहां से भागकर अपने पाप धोने के लिए हरिद्वार जाते हैं लेकिन वहां गंगा मैय्या भी इन्हें बोलती होंगी कि मेरे पास अपने पाप मत धोएं। पापियों के पाप धोते-धोते मैं भी मैली हो गई हूं और तुम तो महापापी हो। फिर यहां से उठकर भागे तो ऋषिकेश चले गए। अब सूचना मिली है कि ये बागी ऋषिकेश से भी किसी ओर दिशा में भाग रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल देवभूमि है। हम देवी-देवताओं में विश्वास रखते हैं। अगर हम किसी की एक छोटी-सी चीज भी खा लें या फिर एक गिलास पानी भी पी लें तो उसका अहसान जिंदगी भर नहीं भूलते। इसके विपरीत इन बागी विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्रों की जनता को ही धोखा दे दिया।

अब खुद देवी-देवता भी इन्हें भगा रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी भी हिमाचल में ऐसा नहीं हुआ था। ये बागी जनता के वोट से विधायक बनते हैं और नोट के बदले अपनी विधायकी बेचने के साथ-साथ अपना ईमान बेच देते हैं। ऐसे लोगों को हिमाचल की जनता कभी माफ नहीं करेगी। ये बागी कांग्रेस की विचारधारा पर चुनाव जीतकर आए। यहां से भी पैसे ले रहे हैं, उधर से भी पैसे ले रहे हैं और अब भाग रहे हैं। यही नहीं, मुख्यमंत्री ने बागियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि अब खुद देवी-देवता भी इन्हें भगा रहे हैं। रात को इन्हें देवी-देवता नजर आ रहे होंगे तो इधर से उठकर उधर जा रहे होंगे। करवटें बदल रहे होंगे। कभी उठकर रात के एक बजे सिर खुजा रहे होंगे। इस मौके पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, नाहन के विधायक अजय सोलंकी सहित अन्य नेता, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्त्ताओं सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

नोटों के दम पर सत्ता हथियाना चाहती है भाजपा
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने आरोप लगाया कि जनता जहां आम आदमी को जिताकर भेजती है, वहां ये नोटों के दम पर लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश कर रहे हैं। जनता के दम पर तो भाजपा सत्ता में नहीं आई लेकिन अब नोटों के दम पर कुर्सी हथियाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कुर्सी का मोह उन्हें होता है जो इसके सहारे राजनीति करते हैं। हम तो गरीब जनता के सहारे राजनीति करना चाहते हैं। इसलिए मेरी सभी योजनाएं गरीब आदमी से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जो कमाया, वह भी जनता पर लगा दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव आने वाले हैं और जनता स्वयं भाजपा को सबक सिखाएगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News