सुक्खू-प्रतिभा ने केंद्र पर साधा निशाना, बोले-AICC के बैंक खाते सीज करना लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन

punjabkesari.in Friday, Mar 22, 2024 - 07:07 PM (IST)

शिमला (राक्टा): सत्ता-संगठन में जारी सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह शुक्रवार को शिमला में एक मंच पर नजर आए। इस दौरान दोनों नेताओं ने राजीव भवन में संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखे निशाने साधे। सीएम सुक्खू ने कहा कि जब-जब लोकसभा के चुनाव आते हैं तो भाजपा भी तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर अपनी सरकार बनाने के प्रयासों में जुट जाती है। इसी कड़ी में अब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के बैंक खाते को सीज कर दिया गया है जो लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। इस बैंक खाते में दान के द्वारा जुटाई गई और कार्यकर्ताओं के मैंबरशिप के माध्यम से जुटाई गई राशि जमा की जाती है लेकिन चुनाव से ठीक पहले इनकम टैक्स ने कार्रवाई करते हुए बैंक खाते को सीज कर दिया है जो राजनीतिक रूप से ठीक नहीं है। चुनावों के वक्त इस प्रकार के हथकंडे नहीं अपनाने चाहिए। ऐसे हथकड़ों का एकमात्र उद्देश्य है कि विपक्षी पार्टी के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने के लिए फंड न मिल सके। उन्होंने कहा कि जो खर्चा कांग्रेस ने प्रत्याशियों के ऊपर या प्रचार-प्रसार पर खर्च करना है, उस पर इस प्रकार का प्रतिबंध लगाना लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है और कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। 

ऐसे हथकंडों से न दवाब पड़ने वाला, न ही कांग्रेस पार्टी घबराने वाली
सीएम सुक्खू ने कहा कि इस प्रकार के राजनीतिक सोच से न तो पार्टी पर दबाव डाला जा सकता है और न ही पार्टी इस प्रकार के हथकंडों से घबराने वाली है। उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स डिपार्टमैंट वालों को भी थोड़ा-सा ध्यान रखना चाहिए कि जिस भी बैंक खाते में पैसा होता है, उसमें जमा पाई-पाई का हिसाब पार्टी देती है तथा हर साल रिटर्न भरी जाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हथकंडे अपनाकर भाजपा अपनी जो राजनीतिक रोटियां सेंकने चाहती है, वह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या कम हो सकती है लेकिन पूरे हिंदुस्तान में यदि कोई प्रिंसीपल ओपोजिशन पार्टी है तो वह कांग्रेस पार्टी है। इस मौके पर नगर निगम के मेयर संजय चौहान, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पार्टी महासचिव रजनीश किमटा सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।

आजाद प्रत्याशियों ने कहीं नोटों के दम पर अपना ईमान तो गिरवी नहीं रख दिया
3 आजाद प्रत्याशियों के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि उन्होंने रिजाइन क्यों किए, इसकी गहराई से जाने की जरुरत है। आजाद प्रत्याशी थे तो रिजाइन नहीं करना चाहिए, जनता की भावनाओं के अनुसार कार्य करना चाहिए था। सीएम ने कहा कि कहीं नोटों के दम पर उन्होंने अपने ईमान को गिरवी तो नहीं रख दिया, जो इतना दबाव था कि इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि वे न तो कांग्रेस के विधायक थे, न ही भाजपा के, ऐसे में क्या दवाब रहा, ये समझना और सोचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संबंधित विधायक आ भी हैलीकॉप्टर में रहे और जा भी। साथ ही सीआरपीएफ की सिक्योरिटी भी है। ये सब लोकतांत्रिक प्रकिया को कमजोर करने के प्रयास है।

जनता के वोट नहीं मिले तो नोट से सत्ता हथियाने के प्रयास
सीएम.ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आजाद विधायकों ने कुछ गलत किया होगा, तभी इस्तीफा दिया गया होगा। भाजपा के विधायक क्यों इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के वोट से जब सत्ता नहीं मिलती तो भाजपा की कोशिश होती है कि नोट के दम से सत्ता हथिया कर लोकतांत्रिक मूल्य की हत्या की जाए।

जनता जागरूक, बना चुकी मन
सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राज्यों के मुद्दे अलग होते हैं। हिमाचल की जनता जागरूक है। जनता मन बना चुकी है कि सरकार को गिराने के प्रयास सही नहीं हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने दिल्ली के सीएम की गिरफ्तारी को गलत बताया और कहा कि ऐसा कर चुने हुए प्रतिनिधि और पद की गरिमा को अपमानित किया गया है।

कांग्रेस एकजुट, खुद 20 क्षेत्रों में जाकर कर चुका संवाद
सीएम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस एकजुट है और चुनावी मैदान में उतर चुकी है। वह स्वंय 20 क्षेत्रों का दौर कर जनता से संवाद कर चुके हैं। अब सत्ता-संगठन के नेता एक साथ चुनावी मैदान में जाएंगे और पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव न लड़ने के निजी कारण हो सकते हैं। वह हाईकमान को भी इस संबंध में अवगत करवा चुकी हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि युवा के साथ ही बुजुर्ग व महिला नेत्री भी प्रत्याशी हो सकती है।

हर वर्ग काे दी राहत, भाजपा अड़ा रही अड़ंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने 15 माह के कार्यकाल में हर वर्ग को राहत दी है। जेओए आईटी का मसला सुलझाया है। ओपीएस का वायदा पूरा किया है, साथ ही दिव्यांग, अनाथ और विधवाओं के बच्चों को लेकर योजना बनाई गई है। युवाओं को रोजगार देने के लिए 680 करोड़ का स्टार्ट उप योजना शुरू की गई है। महिलाओं को 1500 रुपए देने पर मोहर लग चुकी है, जिसमें भाजपा अड़ंगा अड़ा रही है।

मैंने कभी नहीं कहा, सीएम-सरकार काम नहीं कर रहे : प्रतिभा सिंह
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उन्होंने कभी ये नहीं कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने इस सवाल को गलत बताते हुए कहा कि सरकार काम कर रही है। चुनाव न लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि ये उनका निजी फैसला है। इससे पहले उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि देश में लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही केंद्र सरकार तानाशाही रवैया अपनाने में जुट गई है। इसके तहत आयकर विभाग ने एआईसीसी के बैंक खाते को सीज किया है, जो गंभीर विषय है। ये जानते हैं कि ऐसा करने से बजट का अभाव होगा, जिससे कांग्रेस को चुनाव में मुश्किल होगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News