''1 जून को जनबल सिखाएगा धनबल को सबक'', नाहन में सीएम सुक्खू ने भाजपा पर बोला हमला

punjabkesari.in Sunday, May 26, 2024 - 06:47 PM (IST)

नाहन (आशु): नाहन शहर के चंबा ग्राऊंड में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की चुनावी जनसभा के दौरान जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर करारा जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग वोट के दम पर सत्ता नहीं हथिया सके, वे नोट के दम पर सत्ता की कुर्सी हथियाना चाहते थे। अब ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है। उनका इशारा भाजपा की तरफ था। उन्होंने पूछा कि हमने ओपीएस दिया, क्या गुनाह किया? हमने 1500 रुपए दिए, क्या गुनाह किया? हमने विधवा महिलाओं के बच्चों को 27 साल तक मुफ्त शिक्षा देने का निर्णय लिया, क्या गुनाह किया? हमने अनाथ बच्चों को सहारा दिया तो क्या गुनाह किया? मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि के तहत 2-2 हजार रुपए की 3 किस्तें साल में मिलती हैं। राहुल गांधी का निर्देश था कि हिमाचल प्रदेश में महिलाओं का सम्मान होना चाहिए और उसी के तहत हमने 18 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने का फैसला किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई ईमानदारों की बेईमानों से है। यह लड़ाई झूठ की सच्चाई से है। यह लड़ाई धर्म और अधर्म की है। यह लड़ाई बेदाग और ईमानदार की लड़ाई है। जब एक बेईमान ईमानदार से टकराता है तो जीत ईमानदारी की ही होती है। झूठ बार-बार सच से टकराता है, लेकिन जीत सच की होती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि भाजपा की राजनीतिक मंडी में बिके हुए लोगों सहित जनभावनाओं से खिलवाड़ करने वाली भाजपा को सबक सिखाना है और उन्हें विश्वास है कि जनबल आगामी 1 जून को धनबल को सबक जरूर सिखाएगा। इसके अलावा उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी जनसभा को सम्बोधित किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News