जयराम ठाकुर ने 5 साल सत्ता में रहते हुए की हमीरपुर जिला की अनदेखी : सुक्खू

punjabkesari.in Friday, May 10, 2024 - 07:48 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): हमीरपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायज़ादा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की उपस्थित में अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद हमीरपुर पुलिस लाइन ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर के लोग मेरी ताकत हैं और यहां के लोगों ने मेरा हर पल साथ दिया है। आज मैं जिस मुकाम पर पहुंचा हूं, उसके लिए हमीरपुर और नादौन की जनता का जीवन भर आभारी रहूंगा। उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। आप सभी के आशीर्वाद से आज एक साधारण परिवार से निकलकर मैं मुख्यमंत्री बना हूं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर हमीरपुर जिले की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार में हमीरपुर जिला से जानबूझकर कर एक भी मंत्री नहीं बनाया गया। जिस जिले को मुख्यमंत्री के साथ-साथ मंत्री पद मिलता था, उस जिला को पिछली सरकार में कोई जगह नहीं दी गई। उन्होंने पूछा कि जयराम ठाकुर ने 5 साल में हमीरपुर जिला के लिए क्या किया? 15 साल पहले मुख्यमंत्री रहते प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर में बस अड्डे का शिलान्यास किया था और जयराम ठाकुर ने बस अड्डा बनाने के लिए एक पैसा नहीं दिया।

जब तक सीएम के पद पर रहूंगा, भ्रष्टाचार से कभी समझौता नहीं करूंगा
सुक्खू ने कहा कि मेरे मुख्यमंत्री का पद संभालते ही युद्धस्तर पर बस अड्डा बनाने का काम शुरू हो गया है जो आने वाले 9 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही गांधी चौक की तारों को अंडरग्राउंड करने का काम भी शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर के आज़ाद विधायक ने 14 महीने में 100 करोड़ रुपए के टैंडर लिए। उन्होंने डटकर खड्डों में खनन किया और संपदा को लूटने का प्रयास किया। वहीं सुजानपुर का बिकाऊ विधायक 2014 में कांग्रेस में आया। प्रेम कुमार धूमल को चुनाव में हराने का उनका मकसद सिर्फ पैसा कमाना था। सुक्खू ने कहा कि मैं जब तक मुख्यमंत्री के पद पर रहूंगा, भ्रष्टाचार से कभी समझौता नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण चुनाव नहीं है क्योंकि आपका वोट तय करेगा धनबल की जीत होगी या जनबल की। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दागी प्रदेश की जनता को बताएं कि वह एक महीने तक प्रदेश से बाहर क्यों रहे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए सौदेबाजी चल रही थी, ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में राजनीतिक लाभ लिया जा सके।

सतपाल रायजादा की गाड़ी दिल्ली से पीछे नहीं रुकने वाली : मुकेश
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सतपाल रायजादा की गाड़ी इतनी तेज चली है कि यह दिल्ली से पीछे नहीं रुकने वाली है। उन्होंने कहा कि इससे पहले हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से काफी नामांकन देखे हैं। आज सबसे ज्यादा महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार को गिराने के लिए साजिश रची गई और सरकार गिराने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से हैं।

भाजपा के किसी भी सांसद ने आपदा के समय हमारा साथ नहीं दिया : प्रतिभा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इतनी बड़ी आपदा आई लेकिन हिमाचल से भाजपा के किसी भी सांसद ने हमारा साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलने के बाद भी मोदी ने हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय आपदा घोषित की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा कोई भी मदद प्रदेश को नहीं की गई अगर प्रदेश की मदद की है तो प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की है।

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की सीट कांग्रेस के पक्ष में जा रही : शुक्ला
हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की सीट कांग्रेस के पक्ष में जा रही है। सोनिया गांधी राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे और प्रियंका ने कहा कि हम हमीरपुर के पूरे लोगों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि हाई कमान के इस निर्णय की लॉज हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को रखनी है और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोग हमारे प्रत्याशी सतपाल रायजादा दिल्ली भेजें।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News