प्रदेश में अवैध खनन पर रोक लगाएगी नई खनिज नीति, राजस्व के बढ़ेंगे स्त्रोत : सुक्खू

punjabkesari.in Wednesday, Mar 13, 2024 - 06:26 PM (IST)

उद्योग विभाग में जल्द भरे जाएंगे 80 खनन गार्ड के पद
शिमला (संतोष):
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में नई खनिज नीति से जहां अवैध खनन पर रोक लगेगी, वहीं राजस्व के स्त्रोत बढ़ेंगे और वैज्ञानिक ढंग के खनन करने से रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के संसाधनों की रक्षा करने और पर्यावरण अनुकूल एवं वैज्ञानिक तरीके से खनिज संसाधनों का दोहन करने के लिए अनेक कदम उठाए है। अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश सरकार शीघ्र ही उद्योग विभाग में 80 खनन गार्ड्स की भर्ती करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने और राजस्व को बढ़ावा देने के लिए वर्ष-2024 के लिए नई खनिज नीति को स्वीकृति प्रदान की है। इस नीति का उद्देश्य प्रदेश में खनन गतिविधियों के लिए वैज्ञानिक तकनीक को बढ़ावा देना है जिसमें पर्यावरण संरक्षण पर और अधिक बल दिया जाएगा।

सतत् खनिज पद्धति को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएगी सरकार
सीएम ने कहा कि सरकार खनिज नीति-2024 के तहत प्रदेश की खनन सम्पदा का जिम्मेदारी से दोहन सुनिश्चित करेगी और सतत् खनिज पद्धति को बढ़ावा प्रदान कर प्रदेश के लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन में पारदर्शिता और दक्षता पर बल देते हुए कहा कि खनन गतिविधियों को विनियमित करने और इससे संबंधित प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जाएगा।

सरकार के प्रयासों से करीब 2200 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व हुआ प्राप्त
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की आय सृजित करने के लिए नवीन पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व अर्जन के सरकार के प्रयास फलीभूत हो रहे है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के सभी रास्तों को बंद किया गया है और सरकार के ईमानदार प्रयासों से करीब 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी तरीके से शराब के ठेकों की नीलामी एवं निविदाओं के माध्यम से राजस्व में बढ़ौतरी हुई है। सरकार की इस पहल की सफलता के दृष्टिगत भविष्य में भी नीलामी प्रक्रिया को जारी रखा जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News