Shimla: वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर सीएम सुक्खू ने दी श्रद्धांजलि, कहा-"आधुनिक हिमाचल के निर्माता काे..."

punjabkesari.in Tuesday, Jul 08, 2025 - 12:09 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सीएम सुक्खू ने कहा कि वीरभद्र सिंह न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि एक दूरदर्शी नेता भी थे, जिन्होंने अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में हिमाचल प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह का हिमाचल प्रदेश की राजनीति, संस्कृति और समाज पर अमिट प्रभाव रहा है। उन्होंने प्रदेश को आधुनिकता की ओर अग्रसर करने के साथ-साथ पारंपरिक सांस्कृतिक मूल्यों को भी सहेजने का कार्य किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में उन्होंने जो कार्य किए, वे आज भी प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वीरभद्र सिंह का जीवन संघर्षों और सेवा की मिसाल रहा है। वह 6 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उनका राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक क्षमता हर पीढ़ी के लिए अनुकरणीय रहेगी। उन्हाेंने कहा कि आधुनिक हिमाचल के निर्माता काे हमेशा याद किया जाएगा। वहीं शिमला स्थित कांग्रेस कार्यालय में वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने भाग लेकर स्व. वीरभद्र सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

बता दें कि वीरभद्र सिंह का जन्म 23 जून, 1934 को हुआ था और वे 87 वर्ष की आयु में 8 जुलाई, 2021 को इस दुनिया से विदा हो गए थे। उनका राजनीतिक जीवन 6 दशकों से भी अधिक लंबा रहा और वह हिमाचल की आत्मा में रचे-बसे हुए नेता माने जाते हैं।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News