दिल्ली में राहुल गांधी से मिले सीएम सुक्खू, सरकार के निर्णयों से करवाया अवगत

Friday, Feb 10, 2023 - 07:48 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सत्ता व संगठन से जुड़े मसलों के साथ ही राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सुक्खू ने राहुल गांधी को अवगत कराया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पुरानी पैंशन योजना को बहाल करने का जो वायदा प्रदेश के कर्मचारियों से कांग्रेस ने किया था, उसे सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में ही पूरा कर दिया गया है। इसके अलावा महिलाओं को 1500 रुपए मासिक देने और युवाओं को रोजगार से संबंधित किए गए वायदों को पूरा करने के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन किया है तथा उनकी रिपोर्ट आते ही आगामी कदम उठाए जाएंगे। 

राहुल गांधी से मुलाकात की राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
मुख्यमंत्री की राहुल गांधी से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि बजट सत्र से पहले कुछ निगमों व बोर्डों में अध्यक्ष या उपाध्यक्ष पद पर नियुक्तियां हो सकती हैं। देखा जाए तो प्रदेश में कांग्रेस  सरकार बनने के बाद कुछ निगमों व बोर्डों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पद खाली चल रहे हैं, ऐसे में कुछ नेता अंदरखाते लॉबिंग करने में भी जुटे हुए हैं। इससे चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं कि मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद कुछ पदों पर नियुक्तियां हो सकती हैं। 

बजट के बाद मंत्रिमंडल विस्तार 
सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल में अभी 3 पद खाली चल रहे हैं। पहले चर्चा थी कि बजट सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया जाएगा लेकिन अब इसमें पेंच फंस गया है। इसका मुख्य कारण मंत्रियों के नामों पर सहमति नहीं बन पाना है। ऐसे में अब बजट सत्र के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार होने की बात कही जा रही है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay