CM सुक्खू दिल्ली रवाना.....राज्यसभा सीट के लिए सियासी हलचल तेज, चर्चा में यह नाम
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 10:00 AM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश की एकमात्र खाली हो रही राज्यसभा सीट के लिए सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू रविवार को दिल्ली रवाना हुए, जहाँ वे कांग्रेस आलाकमान के साथ भावी उम्मीदवार के नाम पर चर्चा करेंगे। 9 अप्रैल को सांसद इंदु गोस्वामी का कार्यकाल समाप्त होने से यह सीट रिक्त हो रही है, जिसके लिए 5 मार्च तक नामांकन भरे जाने हैं।
बाहरी बनाम स्थानीय उम्मीदवार की चुनौती
कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी केंद्रीय नेता को मैदान में उतारा जाए या फिर हिमाचल मूल के किसी चेहरे पर दांव खेला जाए। होने वाली केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है। समय की कमी को देखते हुए यह दौरा काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बीच में होली की छुट्टी होने के कारण नामांकन के लिए गिने-चुने दिन ही शेष हैं।
चर्चा में प्रमुख नाम
उम्मीदवारों की दौड़ में कई दिग्गज शामिल हैं:
प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और पवन खेड़ा जैसे नामों पर विचार हो रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा का अनुभव उन्हें प्रबल दावेदार बनाता है। साथ ही धनीराम शांडिल, कौल सिंह ठाकुर और आशा कुमारी जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं।
प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अलावा मुख्यमंत्री के करीबी सलाहकारों—सुनील शर्मा बिट्टू, गोकुल बुटेल और नरेश चौहान के नामों की भी सियासी गलियारों में चर्चा है।
फिलहाल, कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। देखना यह होगा कि दिल्ली दरबार में किस नाम पर सहमति बनती है।

