परिवहन विभाग बना देश का पहला इलैक्ट्रिक वाहन उपयोग करने वाला विभाग : सुक्खू
punjabkesari.in Friday, Feb 03, 2023 - 09:49 PM (IST)

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के 11 इलैक्ट्रिक वाहनों को दिखाई हरी झंडी
शिमला (भूपिन्द्र): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि परिवहन विभाग पूर्ण रूप से विद्युत वाहन उपयोग करने वाला देश का पहला सरकारी विभाग बन गया है जो व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह बात मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को रिज मैदान शिमला से ग्रीन मोबिलिटी अभियान के तहत व पर्यावरण संरक्षण व प्रदेश में इलैक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन देने के लिए परिवहन विभाग के 11 इलैक्ट्रिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विभाग में 8 वाहन शनिवार को पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर सुक्खू ने कहा कि सरकार अगले वित्त वर्ष में हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में 300 नई ई-बसें शामिल करेगी, जिसके लिए 400 करोड़ रुपए की एकमुश्त स्वीकृत की जाएगी। इलैक्ट्रिक वाहनों पर टोकन टैक्स में भी छूट दी गई है।
इन क्षेत्रों में चलाई जाएंगी ई-बसें
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही परवाणु-नालागढ़-ऊना-हमीरपुर-नादौन-देहरा परिवहन लाइन को क्लीन एंड ग्रीन कोरिडोर बनाने जा रही है। इसके अलावा शिमला शहर व इसके आसपास के क्षेत्रों में होने वाले अधिकांश बस रूटों पर ई-बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि रामपुर-शिमला कोरिडोर में भी अधिकांश ई-बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला लोकल डिपो को पूर्णत: इलैक्ट्रिक बस डिपो बनाया जाएगा तथा नादौन में नया इलैक्ट्रिक बस डिपो खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि 2 साल में हिमाचल पथ परिवहन निगम को 60 प्रतिशत इलैक्ट्रिक बसें प्रदान कर दी जाएंगी।
एक साल में सभी विभागों के वाहन होंगे इलैक्ट्रिक
सुक्खू ने कहा कि यदि परिवहन विभाग में यह पायलट योजना सफल रही तो एक साल में प्रदेश के सभी सरकारी विभागों के वाहन इलैक्ट्रिक होंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में अग्रसर है और सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर इलैक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए लगभग 110 स्थानों तथा 700 सरकारी भवनों को चिन्हित किया गया है।
अब पयर्टन विभाग होगा इलैक्ट्रिक : मुकेश अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि परिवहन विभाग को इलैक्ट्रिक वाहन प्रदान कर एक ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी पहल की है। उन्होंने कहा कि परिवहन के बाद अब दूसरे चरण में पर्यटन विभाग के सभी वाहन इलैक्ट्रिक होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने लगभग 50 दिन के कार्यकाल में 3 ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी निर्णय लिए हैं, जिनमें ओपीएस, इलैक्ट्रिक वाहन तथा अनाथ बच्चों एवं निराश्रित महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय सहायता कोष शामिल हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here