वीरभद्र सिंह ने प्रदेश का विकास करवाया, हम भी विकास को आगे बढ़ा रहे : जयराम
punjabkesari.in Thursday, Jul 15, 2021 - 09:22 PM (IST)

मंडी (रजनीश): 6 बार मुख्यमंत्री रहते हुए वीरभद्र सिंह ने प्रदेश का विकास करवाया है और हम भी विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं। कुछ लोग बीच में फूट डालने का काम करते हैं मगर हमें मिल-जुलकर आगे बढऩा है। यह बात वीरवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बालीचौकी में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मन में वीरभद्र सिंह के प्रति सदैव आदर का भाव रहा है और वह भी जब मुख्यमंत्री थे तो मेरे चुनाव क्षेत्र में आने पर उन्होंने मेरी प्रशंसा की थी। राजनीतिक स्तर पर हम आपस में विधानसभा के अंदर और बाहर एक-दूसरे का विरोध भी करते थे मगर इसके बावजूद कभी भी मन में द्वेष नहीं रखा।
सराज के लोगों ने विधायक नहीं बनाया होता तो आज मुख्यमंत्री न होता
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग सार्वजनिक मंच से बोलने लगते हैं कि सराज में ही काम हो रहा है। सराज का मैं विधायक हूं, अगर सराज के लोगों ने विधायक नहीं बनाया होता तो आज मुख्यमंत्री नहीं होता, इसलिए यहां पर विकास करना मेरा दायित्व बनता है। एक विधायक होने के नाते मेरा दायित्व है कि सराज विधानसभा क्षेत्र में विकास हो।
सराज आपकी जेब में है और यह आपको संभाल कर रखना होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग अपनी व्यक्तिगत कुंठा के कारण ऐसी परिस्थितियां पैदा करने की कोशिश करते हैं जो बर्दाश्त के काबिल नहीं हैं। पूरा सराज एक मजबूत सराज होना चाहिए और सराज विकास की गति से आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि सराज आपकी जेब में है और यह आपको संभाल कर रखना होगा। इसलिए आप लोग यहां संभालिए, विकास मैं करूंगा और सराज विधानसभा क्षेत्र में विकास की कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।