प्रदेश के लोगों को अब नहीं जाना पड़ेगा दिल्ली, बिलासपुर एम्स में मिलेगी इलाज की सुविधा : जयराम
punjabkesari.in Wednesday, Oct 05, 2022 - 06:43 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले पहाड़ के लोगों के इलाज का अंतिम पड़ाव एम्स दिल्ली था लेकिन अब प्रदेश के लोगों को दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा बल्कि बिलासपुर में ही उन्हें प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान एम्स में इलाज की सुविधा मिलेगी। लुहणू मैदान में जिला भाजपा द्वारा आयोजित आभार रैली को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल से बहुत प्यार है और इसी प्यार की वजह से उन्होंने इस छोटे से पहाड़ी प्रदेश को 10 हजार करोड़ से अधिक के प्रोजैक्ट मंजूर किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं तथा मोदी ने इसे व्यवहारिक रूप से करके दिखाया है।
वाजपेयी के बाद मोदी ने दी हिमाचल को दिल खोलकर आर्थिक सहायता
जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत रत्न दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के बाद नरेंद्र मोदी ने ही हिमाचल को दिल खोलकर आर्थिक सहायता मुहैया करवाई है जबकि कांग्रेस ने हमेशा ही हिमाचल को छोटा प्रदेश समझकर इसके साथ सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने हिमाचल से जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा अनुराग सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने पूरे देश में बारी-बारी की सरकार का रिवाज बदला है तथा इस बार हिमाचल में भी यह रिवाज बदलेगा और हिमाचल में दोबारा से भाजपा की सरकार बनेगी।
कांग्रेस जाे 60 वर्ष में नहीं कर पाई, मोदी सरकार ने उसे 8 वर्ष में करके दिखाया : अनुराग
वहीं केंद्रीय सूचना मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि विजय दशमी के दिन प्रधानमंत्री ने देवभूमि हिमाचल को चुना और इस दिन एम्स और हाईड्रो इंजीनयिरिंग काॅलेज का उद्घाटन करके बिलासपुर व प्रदेश के लोगों को बहुत बड़ी सौगात दी है। बिलासपुर व प्रदेश के लोगों ने एम्स की कल्पना सपने में भी नहीं की थी लेकिन मोदी सरकार ने इसे हकीकत में रिकाॅर्ड समय में बनाया है। उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस 60 वर्ष मेें नहीं कर पाई, उसे मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने 8 वर्षों में करके दिखाया है।
मोदी के कारण आज विश्व में ऊंचा हुआ देश का कद
अनुराग ने कहा कि मोदी ने भानुपल्ली-बैरी रेल लाइन के लिए बजट का प्रावधान करवाया तथा बंद पड़े कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के काम को दोबारा शुरू करवाया। देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का काम मोदी ने किया है और आज भारत रक्षा यंत्र निर्यात कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण ही भारत ने देश पर राज करने वाले अंग्रेजों को पछाड़कर विश्व की 5वीं आर्थिक शक्ति बनने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण आज विश्व में देश का कद ऊंचा हुआ है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here