मेरे एक बयान से ही कांग्रेस में मची है खलबली : जयराम

punjabkesari.in Sunday, Apr 18, 2021 - 05:33 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त है और जब भी कोई दुखद घटना होती है तो पुलिस तत्काल कार्रवाई करती है। रविवार को ऊना में पत्रकारों के सवालों का उत्तर देते हुए सीएम ने कहा कि विपक्ष कानून व्यवस्था को लेकर व्यर्थ का मुद्दा बना रहा है। ऊना में जो भी खेदजनक आपराधिक घटनाएं हुई हैं उनमें पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। अपराधियों को पकड़ा गया है। कानून के तहत कार्रवाई चल रही है। इस मामले में विपक्ष के नेता बिना वजह मुद्दा बना रहे हैं। उन्होंने ऊना में लूटपाट की घटना सहित युवती के मर्डर के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पर पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई की है। आरोपियों को कानून के तहत सजा दिलवाई जाएगी।

कांग्रेस ने बांटे थे सबसे अधिक खनन पट्टे

खनन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला ऊना में सबसे अधिक खनन पट्टे कांगे्रस सरकार के दौरान ही लीज पर दिए गए। उन्होंने कहा कि जिला में 52 लीज कांग्रेस के समय में हुई थीं। कांग्रेस के कार्यकाल में अवैध खनन के सर्वाधिक मामले सामने आए थे। भाजपा सरकार ने तो महज 5 लीजें ही दी हैं। अवैध खनन पर लगाम कसी गई है। जो कांग्रेस के नेता इस मामले पर हो-हल्ला कर रहे हैं उन्हीं के दौर में सबसे अधिक खनन हुआ है।

सरकार ने पहले ही बंद कर दिए हैं राजनीतिक कार्यक्रम

शांता कुमार द्वारा नेताओं के दौरे बंद कर दिए जाने के सुझाव पर पूछे गए सवाल का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहले ही राजनीतिक कार्यक्रम बंद कर दिए हैं। केवल अति आवश्यक होने पर ही मापदंडों के तहत कार्यक्रम किए जा रहे हैं। वह खुद हर जिला में समीक्षा के लिए निकले हैं। कई जिलों में समीक्षा हो चुकी है। सरकार हर वह कदम उठा रही है जिससे कोरोना का संक्रमण न फैले।

बौखला उठे हैं कांग्रेस के नेता

कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर द्वारा दी गई चुनौती पर सीएम ने कहा कि मैंने केवल एक ही बयान दिया है जिससे कांग्रेस में खलबली मच गई है। कांग्रेस के नेता बौखला उठे हैं। हर रोज  सवाल उठाने वाले नेताओं के बारे में अभी काफी समय बाद एक ही बार बयान दिया है। इससे कांग्रेस नेताओं की परेशानी बढ़ गई है। वह इस मामले पर अधिक नहीं बोलना चाहते हैं।

कांग्रेस से छीना है धर्मशाला नगर निगम, ज्यादा खुशी न मनाएं कांग्रेसी

सीएम ने कहा कि नगर निगम चुनावों में आंशिक जीत पर कांग्रेस को जश्न नहीं मनाना चाहिए। भाजपा सरकार 2022 में रिपीट करेगी। प्रदेश में 6 नगर पंचायतों के चुनावों में भाजपा 5 पर चुनाव जीतकर आई है। इस पर कांग्रेसी चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़े जिला कांगड़ा के धर्मशाला का नगर निगम कांग्रेस से छीनकर भाजपा ने जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि हमने न केवल नगर निगम बनाए बल्कि पार्टी चिन्ह पर चुनाव करवाने की हिम्मत भी दिखाई। यदि कांग्रेस होती तो बिना पार्टी चिन्ह के चुनाव करवाकर जीते हुए पार्षदों को जोड़-तोड़ कर कब्जा करने का प्रयास करती। अभी दौर कई आएंगे। शिमला नगर निगम से लेकर फतेहपुर का विस चुनाव और मंडी का लोस चुनाव भी है। अभी कांग्रेसियों को किसी नतीजे पर पहुंचना नहीं चाहिए।

अभी लॉकडाऊन का कोई विचार नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था को देखते हुए अभी लॉकडाऊन का कोई विचार नहीं है। आने वाले समय में क्या परिस्थितियां होंगी उसकी समीक्षा जब होगी तब देखा जाएगा। पंजाब सहित कई राज्य सबसे अधिक संक्रमण की चपेट में हैं। वहां से आने वालों के लिए नैगेटिव रिपोर्ट की एडवाइजरी जारी की है। होटल प्रबंधकों को इस पर एतराज नहीं करना चाहिए। हिमाचल में भी पिछले 20 दिनों से ङ्क्षचताजनक स्तर तक मामले बढ़े हैं। अभी तक सीमाओं पर किसी को रोका नहीं जा रहा है। न ही मंदिरों में दर्शन करने की मनाही है लेकिन भंडारे और खुले आयोजनों पर रोक लगाई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News