CM Jairam की JP Nadda से मंत्रणा, मंत्रिमंडल के शीघ्र विस्तार की जगी उम्मीद

Thursday, Feb 27, 2020 - 11:10 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार को लेकर चर्चा की है। सूत्रों के अनुसार इसमें उन नामों को लेकर चर्चा हुई, जिन्हें मंत्रिमंडल का हिस्सा बनाया जा सकता है, ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश मंत्रिमंडल में खाली पड़े 3 पदों को शीघ्र भरे जाने की उम्मीद जगी है।

जेपी नड्डा ने इसके अलावा भाजपा कोर ग्रुप के साथ बैठक भी की, जिसमें पार्टी की नीतियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई, साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और केंद्र तथा प्रदेश में भाजपा को फिर से सत्ता में लाने के लिए अभी से काम करने को कहा गया।

उन्होंने इसके अलावा प्रदेश सरकार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और संगठन के नए पदाधिकारियों से भी बैठक की। उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं विधानसभा चुनाव लड़े पूर्व प्रत्याशियों से भी मंत्रणा की तथा पार्टी को मजबूत करने के लिए टिप्स भी दिए।

Vijay