नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री से मिले CM जयराम, हिमाचल के लिए रखी ये बड़ी मांग

Thursday, Jul 11, 2019 - 09:38 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करके उनसे हिमाचल में सैन्य हवाई अड्डे को स्थापना करने की मांग है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों व सैन्य अभियान के लिए चंडीगढ़ के अतिरिक्त इस क्षेत्र में कोई भी रक्षा हवाई अड्डा उपलब्ध नहीं है, जिसके अभाव में किसी विपरीत स्थिति से निपटना कठिन है। उन्होंने कहा कि इसलिए सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला मंडी में एक रक्षा हवाई अड्डे की स्थापना करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डे को नागरिक उद्देश्य के लिए भी प्रयोग में लाया जा सकता है, जिससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा राज्य की आर्थिकी भी समृद्ध होगी।

मंडी जिला में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे का निर्माण प्रस्तावित

मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री को अवगत करवाया कि राज्य सरकार ने मंडी जिला में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे का निर्माण प्रस्तावित किया है, जिसके लिए नागचला में 3,479 बीघा भूमि का भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण नई दिल्ली की टीम द्वारा निरीक्षण व सर्वेक्षण कर लिया गया है। सर्वेक्षण के उपरांत इस स्थान को हवाई पट्टी की स्थापना के लिए उपयुक्त पाया गया है।

प्रदेश के सभी स्थलों के केंद्र में है मंडी जिला

उन्होंने कहा कि जिला मंडी प्रदेश के सभी स्थलों के केंद्र में पड़ता है और साथ लगते सीमा क्षेत्रों की ओर जाने के लिए भी सड़क मार्ग पर स्थित है। उन्होंने रक्षा मंत्री से इस प्रस्तावित हवाई अड्डे को सैन्य हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने का आग्रह किया। रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उनकी इस मांग पर सरकार द्वारा गंभीरता से विचार किया जाएगा। उद्योग मंत्री विक्रम सिंह, सांसद राम स्वरूप शर्मा, किशन कपूर और सुरेश कश्यप भी मुख्यमंत्री के साथ थे।

केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर से भी मिले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद से भी शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण दिया। सांसद राम स्वरूप शर्मा, किशन कपूर और सुरेश कश्यप के अलावा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

Vijay