Chamba: पांगी में दो जगह फटे बादल, उदीन नाले का जलस्तर बढ़ने से फंसे 20 मनरेगा मजदूर
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 06:10 PM (IST)
पांगी (रंजना): पांगी घाटी में दो स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। घाटी की शूण पंचायत के उदीन नाले में अचानक बादल फटने के कारण बाढ़ आ गई। इस प्राकृतिक आपदा के चलते वहां काम कर रहे मनरेगा के करीब 15 से 20 कर्मचारी नाले के दूसरी ओर फंस गए हैं। वार्ड सदस्य इंदु कुमारी (उदीन) ने बताया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। हालांकि उदीन नाले का जलस्तर और मलबे का बहाव इतना तेज है कि फिलहाल नाले को पार करना पूरी तरह से नामुमकिन बना हुआ है। वार्ड सदस्य ने वीडियो और तस्वीरों के जरिए प्रशासन से तुरंत मदद की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरसी पांगी को सूचित कर दिया गया है, ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए जल्द से जल्द उचित कदम उठाए जा सकें। उधर, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे थांदल धार में बादल फटने से पुर्थी नाले में अचानक उफान आ गया। तेज बहाव के कारण बीआरओ की मुख्य सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पुर्थी-थांदल संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित हो गई है।
नाले में आए तेज बहाव की चपेट में दो घराट भी आ गए हैं। हालांकि, अब तक किसी प्रकार के जानी नुक्सान की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से नुक्सान का आकलन किया जा रहा है। लगातार हो रही बारिश के बीच क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और खड्डों के किनारे न जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। एसडीएम पांगी अमनदीप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और अन्य संबंधित विभागों को मौके पर पहुंचकर नुक्सान का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

