कुल्लू के गड़सा व मणिकर्ण में बादल फटे, 5 मकान व 2 पुल बाढ़े में बहे

punjabkesari.in Tuesday, Jul 25, 2023 - 06:14 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): गड़सा वैली के पंचानाला में मंगलवार सुबह 4 बजे बादल फटने से तबाही मच गई। पंचानाला में बादल फटने से आई बाढ़ में 5 घर बह गए। इसके अलावा 15 घरों को नुक्सान हुआ है। भुंतर गड़सा मनियार सड़क भी कई जगहों पर बाढ़ में बह गई। तड़के जब नाला उफान पर आया तो इसमें लुढ़कती चट्टानों, पेड़ों की आवाज सुनकर लोग घरों से जान बचाकर भागे। मूसलाधार बारिश के बीच लोगों ने सारा वक्त सड़क पर आसपास सुरक्षित जगहों पर बैठकर बगीचों में बिताया। सुबह जब लोगों ने देखा तो उनके घर बह गए थे और कइयों के क्षतिग्रस्त हो गए थे। 
PunjabKesari

उधर, मणिकर्ण में ब्रह्मगंगा नदी में बादल फटने से बाढ़ आ गई। मणिकर्ण नगरी में नदी किनारे के घरों में रह रहे लोग घरों से निकल गए। ब्रहमगंगा में 2 वर्ष पहले भी बाढ़ आई थी और 5 लोगों की मौत हुई थी। गड़सा वैली में हुई घटना के बाद मंगलवार सुबह ही राजस्व विभाग से पटवारियों को इलाके के लिए रवाना किया गया। उसके बाद तहसीलदार इलाके में पहुंचे।
PunjabKesari

डीसी आशुतोष गर्ग ने बताया कि बादल फटने से 5 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा 15 मकानों को नुक्सान पहुंचा है। भुंतर-गड़सा-मनियार मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ है। बादल फटने से निजी तथा सरकारी भूमि को भी नुक्सान पहुंचा है। इससे 2 पुल भी बाढ़ में बह गए हैं। कुछ मवेशियों के भी बाढ़ में बहने की सूचना है। मणिकर्ण की ब्रहमगंगा नदी में भी बाढ़ आई है। वहीं मलाणा प्रोजेट-2 के डैम में अब जलस्तर घट गया है। डैम को खाली करवा दिया गया है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News