हिमाचल के सरकारी स्कूल में शिक्षक की गंदी करतूत, 9वीं की छात्रा को किया बैड टच; मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 01:29 PM (IST)

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है। चुराह क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। दरअसल, एक शिक्षक पर छात्रा को गलत तरीके से स्पर्श करने का आरोप लगा है। स्कूल प्रशासन की लिखित शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और अभिभावकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

बच्ची ने पिता को बताई आपबीती

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने अपने पिता को शिक्षक की शर्मनाक हरकत के बारे में बताया। पिता ने तुरंत इसकी सूचना स्कूल के प्रधानाचार्य और 'यौन उत्पीड़न निवारण समिति' के अध्यक्ष को दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रारंभिक जानकारी जिला शिक्षा उप-निदेशक (चंबा) को भेजी गई। शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्कूल प्रबंधन को तत्काल पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करवाने के निर्देश जारी किए।

पुलिस की कार्रवाई और जन आक्रोश

उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलते ही प्रधानाचार्य ने पुलिस चौकी नकरोड़ में आरोपी शिक्षक के विरुद्ध लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत के अनुसार, शिक्षक ने छात्रा के साथ गलत तरीके से हाथ स्पर्श किया। एसपी चंबा, विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल गवाहों और पीड़िता के बयान दर्ज कर रही है। वहीं, घटना से गुस्साए ग्रामीणों और अभिभावकों ने सरकार से मांग की है कि आरोपी शिक्षक को तुरंत पद से निलंबित किया जाए।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News