Himachal: ऊना व देहरा में मिले पाकिस्तानी गुब्बारे, क्षेत्रों में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 06:59 PM (IST)

चिंतपूर्णी (सुनील/अश्विनी): जिला देहरा के मोईन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार सुबह ढोंटा पंचायत के वार्ड नंबर 3 में ग्रामीणों ने एक गुब्बारा जमीन पर गिरा हुआ देखा। गुब्बारे पर पीआईए की मार्किंग देखकर लोगों को तुरंत इसके पाकिस्तान से संबंधित होने का शक हुआ। स्थानीय निवासियों ने इसकी सूचना मोईन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की घेराबंदी की और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए हैं, ताकि घटना के समय की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। प्रारंभिक जांच में गुब्बारे के साथ कोई भी आपत्तिजनक सामग्री, इलैक्ट्रॉनिक उपकरण या जासूसी यंत्र नहीं पाया गया है।

वहीं दूसरी तरफ उपमंडल अम्ब के अंतर्गत ग्राम पंचायत सारड़ा के गांव अरण्यवाल में शनिवार को उस समय हलचल मच गई, जब ग्राम पंचायत कार्यालय के पीछे पाकिस्तान का गुब्बारा मिलने की सूचना सामने आई। जानकारी के अनुसार यह गुब्बारा शनिवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर में आया, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना चिंतपूर्णी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक तौर पर यह गुब्बारा पाकिस्तान इंटरनैशनल एयरलाइंस (पीआईए) का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह गुब्बारा यहां तक कैसे पहुंचा। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। एएसपी ऊना सुरेन्द्र शर्मा का कहना है कि पुलिस ने गुब्बारा कब्जे में ले लिया है और आगामी कार्रवाई जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News