Hamirpur: भूतपूर्व और सेवारत सैनिकों के बच्चों को उच्च शिक्षा और कोचिंग लिए मिलेगी स्कॉलरशिप

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 04:33 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे जवानों और भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों की उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक राहत भरी खबर है। चंडीगढ़ स्थित विद्या ज्योति एडुवर्सिटी ने भारतीय थल सेना के साथ एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया है, जिसके तहत सैन्य परिवारों के बच्चों को पढ़ाई में विशेष स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी।

सैनिक कल्याण विभाग की ओएसडी दीप्ति मंढोत्रा ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य सैन्य परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध करवाना है। एमओयू के अनुसार विद्या ज्योति एडुवर्सिटी द्वारा भूतपूर्व सैनिकों और वर्तमान में सेवारत सैनिकों के बच्चों को स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स करवाए जाएंगे। इसके अलावा संस्थान द्वारा संघ लोक सेवा आयोग के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतिष्ठित प्रशासनिक व अन्य परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग भी प्रदान की जाएगी।

ओएसडी दीप्ति मंढोत्रा ने बताया कि सैन्य परिवारों के सम्मान और उनके बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए संस्थान द्वारा फीस में भारी रियायत दी जा रही है। इस एमओयू के तहत पात्र बच्चों को विभिन्न कोर्सों और कोचिंग की कुल फीस पर 30 से 60 प्रतिशत तक की छूट या स्कॉलरशिप दी जाएगी। सैनिक कल्याण विभाग ने सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं और सैन्य परिवारों से अपील की है कि वे इस विशेष ऑफर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि वे अपने करियर को एक नई दिशा दे सकें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News