Himachal: CM के प्रधान मडिया सलाहकार नरेश चौहान ने साधा निशाना, बोले-धर्म की आड़ में राजनीति करना BJP की पुरानी आदत
punjabkesari.in Friday, Jan 31, 2025 - 04:08 PM (IST)

शिमला (राक्टा): धर्म की आड़ में राजनीति करना और लोगों को बांटना भाजपा की पुरानी आदत है। सत्ता के नशे में चूर भाजपा को मालूम होना चाहिए कि सर्व धर्म समभाव के मूलमंत्र पर चलते हुए ही देश को तरक्की की राह पर आगे ले जाया जा सकता है। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने शुक्रवार को सचिवालय में मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी धर्मों का आदर करती है तथा देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने में विश्वास रखती है।
सुर्खियों में रहने के लिए बेवजह कांग्रेस पर कटाक्ष करते हैं नेता प्रतिपक्ष
नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के उस बयान पर अपनी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर आरोप लगाया था कि कांग्रेस सनातन का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का यह निरर्थक बयान राजनीति से प्रेरित है और सुर्खियों में बने रहने के लिए वह कांग्रेस पार्टी पर आए दिन बेवजह कटाक्ष करते रहते हैं। 2 दिन पहले महाकुंभ के पर्व में क्या हुआ, यह पूरा देश भली-भांति जानता है। जिस शाही स्नान की भाजपा हिमायत कर रही है, वहां लोगों की भारी-भरकम भीड़ में भगदड़ मच जाने से कितने लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार की बदइंतजामी के कारण इतनी बड़ी घटना हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी धर्म अथवा पर्व की खिलाफत नहीं करती, बल्कि सनातन परंपराओं का हमेशा सम्मान करती है।
भाजपा से सीखने की आवश्यकता नहीं
नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस देश की सबसे पुरानी पार्टी है, जिसके नेताओं ने भारत को आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। यहां तक कि इस देश को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे में कांग्रेस पार्टी को नेता प्रतिपक्ष और उनकी पार्टी भाजपा से सनातन संस्कृति, धर्म और धार्मिक परंपराएं सीखने की कोई आवश्यकता नहीं है।
श्रद्धालुओं के जीवन की सुरक्षा भी धर्म
नरेश चौहान ने कहा कि तीनों पीठों के शंकराचार्यों ने भी महाकुंभ में सामने आई दुखद घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि संगम पर भगदड़ मच जाने पर यह अव्यवस्था पैदा हुई, जिससे वे पूरी तरह से आहत हैं। उनका यह भी कहना था कि श्रद्धालुओं के जीवन की सुरक्षा भी धर्म है, जो सरकार की पूरी जिम्मेदारी है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here