Chamba: हड़सर से मणिमहेश तक यात्रा अत्यंत कठिन, जल्दबाजी न करें श्रद्धालु : एएसपी
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 06:51 PM (IST)
चम्बा (काकू चौहान): जिला पुलिस ने मणिमहेश यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें यात्रा के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतया पालन करने, सतर्कता बरतने तथा स्वच्छता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपना बहुमूल्य सहयोग देने की अपील की है। मेला अधिकारी एवं एएसपी चम्बा दिनेश शर्मा ने कहा कि यात्रा से पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। केवल आधिकारिक वैबसाइट https://manimaheshyatra.hp.gov.in पर ही पंजीकरण करें। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच के उपरांत ही यात्रा आरंभ करें। बुखार, सांस में तकलीफ, उच्च रक्तचाप या किसी भी अस्वस्थता की स्थिति में यात्रा स्थगित कर दें।
उन्होंने कहा कि हड़सर से मणिमहेश तक की पैदल यात्रा अत्यंत कठिन है। अधिक ऊंचाई वाली एवं कम ऑक्सीजन वाले क्षेत्र में अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही यात्रा करें, जल्दबाजी न करें। वर्षा, बर्फबारी, भूस्खलन या खराब मौसम में आगे न बढ़ें। सुरक्षित स्थान पर रुकें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मुख्य मार्ग पर ही चलें। शॉर्टकट, बंद मार्गों, नदी-नालों एवं तेज बहाव वाले जलस्रोतों के निकट जाना पूर्णतया वर्जित है।
उन्होंने कहा कि अकेले यात्रा न करें। अपने परिवार/समूह के साथ रहें। बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं का विशेष ध्यान रखें। सांस फूलने, चक्कर आने या घबराहट होने पर तुरंत रुकें, बैठ जाएं और निकटतम चिकित्सा शिविर/पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करें। बता दें कि 25 अगस्त से मणिमहेश यात्रा अधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है। 4 सितम्बर को जन्माष्टमी पर्व पर मणिमहेश यात्रा का छोटा स्नान है। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आवश्यक सामग्री साथ रखें
मजबूत, फिसलन-रोधी जूते, गर्म कपड़े, रेनकोट, टॉर्च, पावर बैंक, आवश्यक दवाइयां, ओआरएस और पर्याप्त पेयजल अवश्य साथ रखें। अपना आधार कार्ड/पहचान पत्र, पंजीकरण पर्ची व परिजनों के आपातकालीन संपर्क नंबर सदैव अपने पास रखें। खुले में कूड़ा-कचरा व प्लास्टिक न फैंकें, डस्टबिन का प्रयोग करें। नशीले पदार्थ, शराब एवं मांसाहार का सेवन न करें और यात्रा की पवित्रता बनाए रखें।
विशेष सावधानियां:
रात्रि के समय यात्रा करने से बचें, अंधेरे में फिसलन व पत्थर गिरने का खतरा अधिक रहता है।
घोड़े-खच्चरों से उचित दूरी बनाए रखें।
अपने साथ पर्याप्त नकद राशि रखें, आगे नैटवर्क/ऑनलाइन भुगतान उपलब्ध नहीं हो सकता।
मणिमहेश झील में स्नान करते समय गहरे पानी में न जाएं और धक्का-मुक्की न करें।
पुलिस आपकी सहायता के लिए सदैव तत्पर
एएसपी ने कहा कि आपात स्थिति में तुरंत संपर्क करें, चम्बा पुलिस श्रद्धालुओं की सेवा में सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक श्री मणिमहेश धाम की यह पावन यात्रा आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं नई ऊर्जा का संचार करे। भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा आप सभी पर सदैव बनी रहे। सभी मिलकर इस पवित्र यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से सफल बनाएं।
महत्वपूर्ण हैल्पलाइन:
पुलिस नियंत्रण कक्ष, चम्बा: 01899-225899
थाना भरमौर: 01895-225026
आपदा प्रबंधन हैल्पलाइन: 1077 / 98166-98166

