Chamba: 12 को हड़ताल करेगी आंगनबाड़ी वर्कर एवं हैल्पर यूनियन

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 07:35 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): आंगनबाड़ी वर्कर एवं हैल्पर यूनियन की जिला कमेटी की बैठक यूनियन अध्यक्ष सरोज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला महासचिव सीटू सुदेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष नरेंद्र, आंगनबाड़ी जिला उपाध्यक्ष चम्पा, सचिव मीना कुमारी, वित्त सचिव रजनी शर्मा आशा, बबली, बबिता, अंजू, तृप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार की मजदूर-विरोधी नीतियों और विशेष रूप से 4 लेबर कोड वेतन संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता को आंगनबाड़ी कर्मियों के अधिकारों पर सीधा हमला बताया।

वक्ताओं ने मांग की कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के अनुसार आंगनबाड़ी वर्कर एवं हैल्पर को ग्रैच्युटी का लाभ तत्काल प्रदान किया जाए। साथ ही आंगनबाड़ी कर्मियों को हरियाणा की तर्ज पर सम्मानजनक वेतन दिया जाए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चार लेबर कोड का विरोध, ग्रैच्युटी, वेतन, मानदेय, पोषण ट्रैकर और अन्य लंबित मांगों को लेकर 12 फरवरी को प्रदेशभर में आंगनबाड़ी वर्कर एवं हैल्पर हड़ताल पर रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News