वकीलों पर टिप्पणी मामले में विधानसभा उपाध्यक्ष को सम्मन जारी

punjabkesari.in Monday, Mar 21, 2022 - 11:53 PM (IST)

चम्बा (काकू): वकीलों के खिलाफ टिप्पणी मामले में जिला मुख्य दंडाधिकारी चम्बा ने विधानसभा उपाध्यक्ष डा. हंसराज को सम्मन जारी किया है। सम्मन में 9 मई को कोर्ट में पेश होने को कहा गया है। यह बात जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता धर्म मल्होत्रा ने चम्बा में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि वकील जो लड़ाई लड़ रहे थे उसमें आज उन्हें सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष ने 10 अक्तूबर 2020 को चुराह क्षेत्र में एक जनसभा के दौरान उनके क्लाइंट अधिवक्ता जय सिंह व मदन रावत के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। वह फेसबुक पर भी लाइव थे और यह टिप्पणी वायरल हो गई। इसमें उन्होंने अपमानजनक शब्द कहे थे। इससे अधिवक्ता वर्ग में आक्रोश पैदा हो गया। जिले के अधिवक्ताओं ने गेट मीटिंग कर इस मामले पर रोष जताया। इसके बाद कोर्ट में याचिका दायर की।

कोर्ट ने याचिका पर कड़ा संज्ञान लेते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष को 9 मई को पेश होने के आदेश दिए हैं। आगे की कार्यवाही अदालत में चलेगी। अधिवक्ता धर्म मल्होत्रा ने बताया कि हालांकि विधानसभा उपाध्यक्ष को माफी मांग कर इस मामले को खत्म करने का भी समय दिया गया, लेकिन उन्होंने माफी नहीं मांगी। इसके बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ गया और लड़ाई जारी रही। अब कोर्ट ने उन्हें सम्मन जारी कर दिया है। धर्म मल्होत्रा ने बताया कि  यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक न्याय नहीं मिल जाता। विधानसभा उपाध्यक्ष डा. हंसराज का कहना है कि हम अदालत और बार एसोसिएशन का सम्मान करते हैं। उनके वकील पूरे मामले को देख रहे हैं। उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News