सावधान! हिमाचल पहुंचे 10 रुपए के नकली सिक्के
punjabkesari.in Tuesday, Feb 14, 2017 - 05:20 PM (IST)

नूरपुर (राकेश): 10 रुपए वाले धातू के नकली सिक्के आकार व शक्त में असली सिक्के के इतने समीप हैं कि जब तक कोई विशेष रूप या खास ध्यान देकर न देखे तो धोखा खाना लाजिमी है। गौरतलब है कि धातू के इन नकली सिक्कों के बारे आम जनता को गत दिनों तब पता चला था जब दिल्ली सहित कुछ अन्य स्थानों पर इस प्रकार के अवैध सिक्के बनाने वाली गैर-कानूनी टकसालें पकड़ी गई थीं। दिल्ली से यात्रा कर ये नकली सिक्के अब हिमाचल में भी दस्तक दे चुके हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
जसूर बाजार में श्रमिक का काम करने वाले प्रेम सिंह को उसकी मजदूरी के बदले जब किसी ने उसे इस प्रकार के 2 नकली सिक्के थमा दिए तो यह मामला प्रकाश में आया। आमजन की जानकारी के लिए बता दें कि असली व नकली सिक्के में पहली नजर में ही अंतर देखा जा सकता है। असली सिक्के में जहां रुपए का निशान स्पष्ट है वहीं नकली सिक्के में यह निशान गायब है।
क्या कहते हैं एस.पी. कांगड़ा
इस संबंध में एस.पी. कांगड़ा संजीव गांधी ने कहा कि अभी तक हमारे ध्यान में 2 हजार के नकली नोट चलाने के मामले सामने आए थे तथा नकली सिक्कों की शिकायत नहीं मिली है। इनके बारे जानकारी व शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।