शिमला में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक में जोरदार भिडंत, चालक की मौत; मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 11:54 AM (IST)

Shimla Road Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के ठियोग उपमंडल में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार चालक की जान चली गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कार के उड़े परखच्चे

जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार देर शाम का है। मृतक की पहचान ध्यान चंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मतियाना पुलिस चौकी के अंतर्गत नन्नी गांव के पास नेशनल हाईवे-5 पर एक कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। वहीं, कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में सवार सभी चार लोगों को तुरंत सिविल अस्पताल ठियोग ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने ध्यान चंद को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार अन्य तीन यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने ट्रक और कार को कब्जे में ले लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दुर्घटना का मुख्य कारण कार चालक की तेज और अनियंत्रित ड्राइविंग थी। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News