हिमाचल में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, बारिश के कारण 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार...2 लोगों की मौत, एक घायल
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 10:52 AM (IST)
Sirmaur News : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर बारिश के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, हादसा जिले के पच्छाद उपमंडल के डिगरी सरजेट गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि कार में डिगरी-सरजेट गांव के तीन लोग मढ़ीघाट से अपने घर लौट रहे थे, तभी बारिश के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में तपेंद्र सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी डिगरी-सरजेट की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी प्रभा देवी घायल हो गईं। वहीं कार चालक एवं तपेंद्र सिंह के जीजा बलवंत सिंह निवासी मरयोग को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद कई बार 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। उनका आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने दुर्घटनास्थल तक आने से इनकार कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों से घायलों को सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाता तो जान बचाई जा सकती थी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, तहसीलदार पच्छाद प्रवीण कुमार चौहान ने दोनों मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से मृतक तपेंद्र सिंह के पिता को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है, जबकि घायल प्रभा देवी के उपचार के लिए 5 हजार रुपए की सहायता राशि जारी की गई है। उन्होंने बताया कि बलवंत सिंह के मामले में भी नियमानुसार राहत प्रदान करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

